महुली (सोनभद्र)। रीवां-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर महुली कस्बे के पास कराए जा रहे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बृहस्पतिवार को सुबह बाइक सवार गिर गया। युवक के बाएं बांह में सरिया धंसने से गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। महुली बस अड्डे के पास इन दिनों नाली निर्माण कराया जा रहा है। यहां खुदाई हो जाने से पिछले चार दिनों से महुली करहिया संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इससे पतरिहा, डूमरा, जोरकहू, कोरगी, बासीन,बोधाडीह, करहिया, धरनवा सहित दर्जन भर गांवों का महुली कस्बे से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क टूट गया है। विंढमगंज थाना क्षेत्र के बोधाडीह गांव निवासी रमेश कुमार (32) पुत्र राम खेलावन बृहस्पतिवार को सुबह खोदे गये नाली के गड्ढे को तिरछे कर बाइक को पार करने की कोशिश में गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके बांह में निर्माण में लगी सरिया धंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एंबुलेंस से दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां युवक का इलाज चल रहा है। इस संबंध में दुद्धी एसडीएम रमेश कुमार का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा और आवागमन भी शुरू हो जाएगा।