सोनभद्र। ग्रामीणों की समस्या का निस्तारण करने के लिए सोमवार को जिले के 80 ग्राम पंचायतों में ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम चंद्रविजय सिंह ने करमा ब्लॉक के बट ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्य अधूरा मिलने पर डीएम ने एएनएम का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगने के लिए संबंधित को निर्देशित किया। वहीं खेल मैदान बनवाने और आंगनबाड़ी केंद्र के लिए प्रस्ताव देने को कहा गया। ग्राम समाधान दिवस में डीएम के समक्ष बट ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने 15 कच्ची सड़कों की मरम्मत की मांग की। कहा कि बरसात के दिनों में उनका आवागमन मुश्किल हो जाता है। इस पर डीएम ने तत्काल सर्वे कर गलियों की प्राथमिकता तय कर फोटो के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधितों को दिया। आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी से गर्भवती महिलाओं व स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में डीएम ने जानकारी ली। इनके रजिस्टर का अवलोकन करने पर रजिस्टर अधूरा भरा मिला, इस पर उन्होंने तत्काल रजिस्टर को पूर्ण करने की हिदायत दी। कार्य में लापरवाही पर एएनएम का वेतन रोकते और स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम समाधान दिवस में हेल्थ इंडिकेटर की समीक्षा एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अवश्य किया जाए। यह भी देखा जाए जो महिलाएं गर्भवती हैं और एचआरपी है उनका ठीक से जांच हो रहा है कि नहीं। इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय बट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय का हैंडवास ठीक कराने के निर्देश दिए। विद्यालय में स्थित खाली मैदान को खेल के मैदान बनाने के लिए सचिव को निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर होने की स्थिति में पुन: प्रस्ताव किए जाने के लिए निर्देशित किया। सदर ब्लॉक के करारी गांव में सदर एसडीएम रमेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए समस्याओं का निस्तारण किया। इस मौके पर विनय चतुर्वेदी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। जिले के सभी ग्राम समाधान दिवस में कुल 333 शिकायतें प्राप्त हुई, इसमें 242 शिकायत का निस्तारण मौके पर कराया गया। शेष 47 शिकायतों का निस्तारण 15 दिन के अंदर होना है, जिले स्तर पर 44 शिकायत प्रेषित की गई हैं। दुद्धी : ग्राम समाधान दिवस में नोडल अधिकारी न पहुंच कर डीएम के निर्देश को ठेंगा दिखा रहे हैं। रोस्टर के अनुसार कादल ग्राम पंचायत में नोडल एक्सईएन प्रांतीय खण्ड प्रथम, मूरता ग्राम पंचायत में नोडल बीडीओ दुद्धी, झारोकला में नोडल एक्सईएन बिजली और डूमरडीहा में नोडल जिला समाज कल्याण अधिकारी को ग्राम समाधान दिवस में पहुंचना था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। ग्राम पंचायत डुमरडीहा में एडीओ पंचायत, महुली में एबीएसए ने कुल 23 शिकायतों में से 22 का मौके पर निस्तारण कराया। एक मामला ट्यूबवेल से सम्बंधित होने पर सम्बंधित विभाग को भेजा गया। करमा : क्षेत्र के सिरविट और टिकुरिया में ग्राम समाधान दिवस पर किसान सम्मान निधि, राशनकार्ड, परिवार रजिस्टर की नक़ल का मुद्दा छाया रहा। जिम्मेदारी से इतर दोनों ग्राम पंचायतों से नोडल अधिकारी नदारद रहे। सुनवाई सचिवों की अध्यक्षता में हुई। सिरविट गांव के बुद्धिराम ने दो वर्ष से राशन न मिलने की तो भोला ने मनरेगा मजदूरी के भुगतान न होने का मामला उठाया। टिकुरिया सहित अन्य गांवों में सम्मान नि ना मिलने की शिकायत हुई, जिसे कृषि विभाग को निस्तारण के लिए भेजा गया। जावेद अख्तर, शिव कुमार, विजय कुमार, स्मिता यादव, विश्व जीत, सुमित्रा देवी आदि रहे।