सोनभद्र। राबर्ट्सगंज पुलिस चौकी में मंगलवार शाम पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें धनतेरस और दीपावली पर सड़क पर दुकान लगाकर जाम की समस्या उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एएसपी ओपी सिंह, एसडीएम केएस पांडेय ने लोगों से समस्याओं की जानकारी ली। नगर पालिका प्रशासन को साफ-सफाई दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कहा गया कि किसी ने इस दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निबटा जाएगा। इस मौके पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि, चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह, रतनलाल गर्ग, राजेश गुप्ता, प्रदीप बगड़िया, अजहर खान, विमल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
दुद्धी: दुद्धी कोतवाली परिसर में एएसपी आपरेशन राजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसडीएम रमेश कुमार ने लोगों ने शांति बनाए रखने की अपील की। एसडीएम ने कहा कि त्योहार पर आम लोगों की सुरक्षा के लिए अधिकारी सजग रहें। बाजारों में इधर-उधर हमेशा भ्रमण करें। धनतेरस के दिन सर्राफा और बर्तन दुकानें आदि लगती हैं। इस पर कड़ी निगरानी रखते हुए बदमाशों उचक्कों पर कड़ी नजर रखें। अपर पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने कहा कि धनतेरस, दीपावली जैसे पर्व पर पुलिस की सुरक्षा की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। ऐसे में लोग शरारती उचक्के बदमाशों पर कड़ी नजर रखें।