सोनभद्र। जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को जिले की 80 ग्राम पंचायतों में ग्राम समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान 651 शिकायतें आई, जिसमें 432 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। ज्यादातर मामले हैंडपंप की मरम्मत, शौचालय, आवास की मांग से संबंधित रहीं। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया। आईजीआरएस पोर्टल और तहसीलों में आने वाली शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डीएम ने ग्राम समाधान दिवस के आयोजन की पहल की है। रोस्टर के तहत प्रत्येक सोमवार को 80 गांवों में इसका आयोजन हो रहा है। पंचायत स्तरीय अधिकारियों के अलावा ब्लाक और जिले के भी अधिकारी इसमें मौजूद रहे। डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि ग्राम समाधान दिवस में कुल 651 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें से 432 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। 53 ऐसी शिकायते पाई गईं हैं, जिसका निस्तारण जनपद स्तर से होना है। उनका विवरण कंट्रोल रूम के द्वारा मंगाया गया है। ग्राम पंचायत पलिया कला और चोपन में समाधान दिवस के दौरान प्रधान व सेक्रेट्री के स्तर की लापरवाही सामने आने पर उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई। डीएम चंद्र विजय सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर आ रहीं शिकायतों का निस्तारण कर आख्या एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं। दुद्धी ब्लाक के पतरिहा ग्राम पंचायत में सोमवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुपस्थित रहे। समाधान दिवस में आवास, पेयजल और सड़क की समस्या से संबंधित ढेरों मामले आए। राजस्व विभाग से जुड़े एक मामले का मौके पर निराकरण कर दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान किरन देवी, लेखपाल साजिद खान, बुंदेल चौबे, रामचंद्र, लक्ष्मण प्रसाद, सोमारु राम, राम नरेश सिंह आदि उपस्थित रहे।