बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में गुरुवार को प्रशासनिक भवन परिसर स्थित इंद्रधनुष प्रेक्षागृह में क्वालिटी सर्किल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक ए के मुखर्जी ने अन्य सहअतिथियों के साथ प्रज्ञादीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता टीमों के साथ-साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य टीमों के प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में रिहंद परियोजना की सीएंडआई, सीएचपी, मेडिकल, एमजीआर, सीआरएफ, भंडार के साथ-साथ प्रचालन विभाग की तीन टीमों ने भाग लिया। निर्णायक मण्डल ने सीएंडआई विभाग के निष्कर्ष टीम को प्रथम विजेता घोषित किया। सीएचपी विभाग की ब्लैक डायमंड तथा मेडिकल विभाग की जीवन ज्योति टीम द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। एमजीआर विभाग की लोहपथ वाहिनी की टीम चौथे तथा प्रचालन की ऊर्जा टीम पांचवें स्थान पर रही। सीआरएफ की कर्मक्षेत्र, भंडार की शक्ति संपदा, प्रचालन की अग्नि तथा प्रचालन विभाग की ही सृजन टीम छठवें, सातवें, आठवें व नौवें स्थान पर रही। निर्णायक की भूमिका में आरिफ हुसैन खान व अपर महाप्रबंधक हरेराम सिंह ने किया। संचालन उप महाप्रबंधक कौशलेश दूबे तथा संयोजन अपर महाप्रबंधक नंद किशोर ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक जी सी चौकसे, महाप्रबंधक एम रमेश, अपर महाप्रबंधक के एस मूर्ति, डॉ ए के ठाकुर, के सी त्रिपाठी, एच के वर्मा आदि मौजूद थे।