सोनभद्र। लोक सभा चुनाव को पारदर्शी ठंग से संपन्न कराने के लिए बूथों पर मतदाताओं को मोबाइल ले जाने पर रोक लगा दिया गया है। अगर कोई मतदाता मोबाइल लेकर गया तो उसको जब्त कर लिया जाएगा। ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एसपी बूथों पर तैनात सुरक्षा बलों को निर्देशित करेंगे। बताते चले कि जिले मेें 19 मई को मतदान और 23 मई को मतगणना करने की तिथि मुकर्रर होने के बाद पुलिस प्रशासन चुनाव को सकुशल संपन्न्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है। राबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा और दुद्धी विधान सभा क्षेत्र में 1475 बूथों पर मतदान होगा। इनमें से 229 संवेदनशील (क्रिटिकल), 264 अतिसंवेदनशील और 206 मतदेय स्थल नक्सल के रूप में चिह्नित किए गए है। चुनाव में खलल डालने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं शातिर अपराधियों को जिले से खदेड़ने के लिए उनके खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही कराई जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदेय स्थलों पर मोबाइल, ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर रोक लगाया है। रोक के बावजूद अगर कोई मतदाता बूथों पर मोबाइल लेकर पहुंचा तो जब्त कर लिया जाएगा। माचिस समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि मतदेय स्थलों पर जरूरत के अनुसार फोर्स तैनात की जाएगी। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए छूट रहेगी। कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बूथों पर सुरक्षा कर्मियों को पेयजल, ठहरने, रोशनी आदि का समुचित प्रबंध रहेगा। ताकि उन्हें कोई समस्या न हों।