Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sitapur News ›   Rakesh Rathore stated state in-charge has completely ruined organization greatest criminal in Congress history

यूपी कांग्रेस में घमासान: सांसद राकेश राठौर ने खोला मोर्चा, बोले- प्रदेश प्रभारी ने चौपट कर दिया पूरा संगठन

Sun, 29 Nov 2026 01:52 PM IST
Bhupendra Singh प्रमन श्रीवास्तव, अमर उजाला नेटवर्क, सीतापुर
प्रमन श्रीवास्तव, अमर उजाला नेटवर्क, सीतापुर Published by: Bhupendra Singh Updated Sun, 29 Nov 2026 01:52 PM IST
सार

सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली पर कड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि नए नेतृत्व के आने के बाद महज कुछ महीनों में यूपी में कांग्रेस संगठन की गति थम गई। सपा से सीट बंटवारे व संवाद में गंभीरता की कमी दिखी। केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद अब समाधान की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे केवल नाम के लिए कमेटियों में शामिल नहीं होना चाहते। आगे पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
Rakesh Rathore stated state in-charge has completely ruined organization greatest criminal in Congress history
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर - फोटो : अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी।

विस्तार

कांग्रेस की सपा के साथ गठबंधन में सीटों के बंटवारे से शुरू हुई नाराजगी अब प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली और संगठन की बदहाली तक पहुंच गई है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने आरोप लगाया कि अजय राय के नेतृत्व में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना था। नए प्रभारी और सह-प्रभारियों के आने के बाद महज तीन-चार महीने में संगठन की पूरी गति खत्म हो गई। उन्होंने यहां तक कह दिया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का इतिहास लिखा जाएगा तो संगठन को इस स्थिति तक पहुंचाने वाले लोग सबसे बड़े अपराधियों की श्रेणी में गिने जाएंगे। 

विज्ञापन

पेश है सांसद राकेश राठौर से प्रमन श्रीवास्तव के साथ विशेष बातचीत के अंश- 


सवाल : अजय राय और आज के माहौल में आप कितना बदलाव महसूस कर रहे हैं? 
सांसद : संविधान की रक्षा, जातिगत जनगणना और सामाजिक गैर-बराबरी दूर करने के मुद्दों से दलितों और कमजोर वर्गों में कांग्रेस के प्रति आकर्षण बढ़ा था। हम कार्यकर्ताओं और विभिन्न जातियों के नेताओं को पार्टी से जोड़ रहे थे। प्रदेश में करीब 100 बड़े कार्यक्रम हुए, जिनमें अविनाश पांडेय, अजय राय और मोना जैसे नेता शामिल हुए। लेकिन, अचानक कुछ नए लोग आए, अहंकार में काम करने लगे और महज तीन-चार महीने में पूरा संगठन चौपट कर दिया। 

विज्ञापन
Trending Videos

सवाल : क्या अजय राय को हटाना कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक भूल साबित हुआ? 
राकेश राठौर : सवाल किसी एक व्यक्ति को हटाने का नहीं है। सवाल यह है कि जो लोग आज प्रदेश की बागडोर संभाल रहे हैं, उन्होंने संगठन को कहां पहुंचा दिया। 

सवाल : क्या सपा और कांग्रेस के बीच वास्तव में दोनों दलों के बीच गंभीर बातचीत हुई है? 
राकेश राठौर : सीरियस टॉक नहीं हुई। हम तीन बार राहुल गांधी से मिले थे। उनका स्पष्ट कहना था कि कांग्रेस सम्मानजनक सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। लेकिन, अचानक नए प्रभारी आ गए और प्रदेश कार्यालय से मीडिया के सामने 200 प्लस सीटों पर चुनाव लड़ने का बयान दे दिया। जब शीर्ष नेतृत्व की मंशा से ही यह बात मेल नहीं खाती थी तो फिर इतनी बड़ी घोषणा किसके इशारे पर की गई?  

विज्ञापन

सवाल : आखिर कांग्रेस को न्यूनतम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए? 
राकेश राठौर : सीटें अपने आप में मायने नहीं रखतीं, जीत मायने रखती है। हमारा लक्ष्य 60 से 80 सीटें जीतकर लाने का था, ताकि सहयोगी दल के साथ कांग्रेस की भी मजबूत भूमिका रहे। उत्तर प्रदेश से ही केंद्र की सत्ता का रास्ता जाता है।  

सवाल : समाजवादी पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि कांग्रेस के पास न प्रत्याशी हैं और कार्यकर्ता। 
राकेश राठौर : यह बिल्कुल गलत है। प्रत्याशी थे, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया। धौरहरा से खिलाड़ी सिंह को हमने पार्टी में शामिल कराया। लगातार तीन बड़े कार्यक्रम हुए। डॉ. आरपी वर्मा ने भी अच्छा काम किया। नए प्रभारी और सह-प्रभारी ने ताकतवर लोगों को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें रोकने का काम किया। फॉर्च्यूनर और गनर लेकर घूमने से संगठन नहीं चलता। 

सवाल : आपकी नाराजगी राजेंद्र पाल गौतम से है या कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से भी आप असंतुष्ट हैं? 
राकेश राठौर : केंद्रीय नेतृत्व से कोई नाराजगी नहीं है। राहुल गांधी लगातार सड़क से लेकर संसद तक जनता के मुद्दों पर लड़ रहे हैं। राजेंद्र पाल गौतम के आने के बाद प्रदेश में राहुल गांधी के विचारों पर बट्टा लगाया गया है। 

सवाल : क्या प्रदेश प्रभारी और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय पूरी तरह खत्म हो चुका है? 
राकेश राठौर : समन्वय तभी होगा जब आप लोगों से संवाद करेंगे। वे इतने अहंकार में हैं कि किसी से बात ही नहीं करना चाहते। जब कार्यकर्ताओं के बीच जुड़ाव ही नहीं होगा तो संगठन कैसे मजबूत होगा? 
 
विज्ञापन

सवाल : क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस को गठबंधन में बराबरी का साझेदार मान रही है? 
राकेश राठौर : गठबंधन में सीटों का बंटवारा आनुपातिक आधार पर होना चाहिए। सुबह छह बजे पार्क में रील बनाने वाले लोगों को आगे करके चुनाव नहीं जीते जाते। 

सवाल : क्या पांच महीने में एक बार भी आपसे सीतापुर की राजनीतिक परिस्थितियों के बारे में चर्चा नहीं की गई? 
राकेश राठौर : आज इन्हें आए करीब पांच महीने हो गए हैं। 30 नवंबर को पहली बार सांसदों और अन्य नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। वह भी व्यक्तिगत संवाद के बजाय कार्यालय से फोन करके सामूहिक रूप से बुलाया गया। राजनीति ऐसे नहीं चलती। प्रत्येक सांसद और वरिष्ठ नेता से अलग-अलग बैठकर बात होनी चाहिए। किस क्षेत्र में क्या स्थिति है, कौन जिताऊ है, संगठन की क्या समस्या है, यह समझना जरूरी है। जिन लोगों को 1500 वोट मिले, वे राय दे रहे हैं और जिनके पास लाखों मतदाताओं का जनादेश है, उनसे पूछा तक नहीं जा रहा।

सवाल : अनुसूचित जाति के मतदाताओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए प्रदेश नेतृत्व को क्या करना चाहिए था? 
राकेश राठौर : राहुल गांधी ने संविधान और सामाजिक न्याय की बात करके दलित समाज में विश्वास पैदा किया था। बहुजन समाज पार्टी से मतदाताओं का बिखराव हो रहा है और चंद्रशेखर रावण की आजाद समाज पार्टी की ओर भी लोग आकर्षित हो रहे हैं। पिछले पांच महीनों में कम से कम पांच बड़े अनुसूचित जाति सम्मेलन होने चाहिए थे। प्रदेश के चारों कोनों और लखनऊ में 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाले सम्मेलन आयोजित किए जा सकते थे। लेकिन, इस दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं दिखाई दिया।
 

सवाल : पार्टी के कार्यक्रम में शामिल न होना क्या यह प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ आपका खुला विरोध है? 
राकेश राठौर : मैं केवल फोटो खिंचवाने और रील बनाने के लिए कांग्रेस के कार्यक्रमों में नहीं जाना चाहता। सवाल यह है कि हम बदलाव क्या कर रहे हैं? संगठन में वास्तविक काम कितना हो रहा है? संगठन में झूठ बोलने की परंपरा बंद होनी चाहिए।  

सवाल : अगर सीटों के बंटवारे पर सपा और कांग्रेस की बात नहीं बनती है तो क्या कांग्रेस गठबंधन तोड़ देगी? 
राकेश राठौर : अभी गठबंधन टूटने की कोई संभावना नहीं है।

सवाल : क्या कांग्रेस में इतनी ताकत है कि वह उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ सके? 
राकेश राठौर : तैयारी तो पहले चल रही थी। हम गाजियाबाद से गाजीपुर तक सभी 403 सीटों पर काम कर रहे थे। लेकिन, पिछले पांच महीनों में उस प्रक्रिया को रोक दिया गया। संगठन में गिरावट आई है और कार्यकर्ता बिल्कुल शांत हो गए हैं।  


 

सवाल : सीट बंटवारे में सांसदों की क्या भूमिका होनी चाहिए? 
राकेश राठौर : कम से कम सांसदों से दो-तीन घंटे बैठकर चर्चा होनी चाहिए। उज्ज्वल रमण सिंह जैसे नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव है। उनके पिता का भी बड़ा राजनीतिक इतिहास रहा है। ऐसे लोगों से क्षेत्र की परिस्थितियों पर राय लेनी चाहिए। जब स्थानीय सांसदों और अनुभवी नेताओं को महत्वहीन कर दिया जाएगा तो फिर संगठन किस आधार पर चुनाव लड़ेगा? 

सवाल : कांग्रेस की प्रदेश में सबसे बड़ी कमजोरी क्या है? नेतृत्व, संगठन, कार्यकर्ता या चुनावी रणनीति? 
राकेश राठौर : सब कुछ खराब हुआ है। न चुनावी रणनीति है, न नेतृत्व में संघर्ष दिखाई दे रहा है और न संगठन पर पकड़ है। अजय राय के समय संघर्ष की छवि बनी थी। प्रदेश में किसी जाति, वर्ग या समुदाय के साथ समस्या होती थी तो वह खुद पहुंचते थे या हम लोगों को भेजते थे।  

सवाल : आपकी नाराजगी को लेकर क्या केंद्रीय नेतृत्व ने आपसे बात की? 
राकेश राठौर : राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल का फोन आया और उन्होंने शाम 6.30 बजे अपने आवास पर बुलाया। मैंने उनके सामने विस्तार से अपनी आपत्तियां रखीं और बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में क्यों शामिल नहीं हुआ। उन्होंने बेहद गंभीरता से बात सुनी। उन्होंने कहा कि अब वह स्वयं उत्तर प्रदेश को देखेंगे और सारी चीजों को ठीक करेंगे। इसके बाद प्रदेश प्रभारी का फोन आया। तय हुआ कि बैठकर सभी मसलों को हल करने का प्रयास करेंगे।

सवाल : आपको प्रदेश इलेक्शन कमेटी और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में शामिल कर नाराजगी दूर करने की कोशिश माना जाए? 
राकेश राठौर : मुझे तो इसकी जानकारी भी नहीं थी। आपके माध्यम से पता चल रहा है। सुबह एक-दो फोन आए तो जानकारी हुई कि मेरा नाम शामिल किया गया है। मैं ऐसी किसी भूमिका में नहीं रहना चाहता, जहां केवल नाम डालकर शोपीस बना दिया जाए।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed