पेशी पर आई महिला को वकील ने पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुकदमे की पेशी पर आई महिला को वकील ने अपने साथियों संग मिलकर मंगलवार को भरी कचहरी में बुरी तरह पीट दिया। न्यायालय में भागकर उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस उसे कोतवाली ले गई।
उसने तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला की इसी अधिवक्ता ने पहले भी पिटाई की थी। जिसमें क्रॉस केस दर्ज है। मंगलवार को फिर उसके साथ मारपीट की गई है। कार्रवाई की जा रही है।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के तेंदवारा निवासी गुड़िया हरदोई में ब्याही थी। ससुराल वालों से उसका दहेज को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। गुड़िया ने बताया कि मंगलवार को वह पेशी पर आई थी।
इस दौरान महोली निवासी अधिवक्ता विकास दीक्षित ने अपने बहनोई व अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ कचहरी परिसर में मारपीट की। आरोप है कि अधिवक्ता ने उसे बुरी तरह पीटा।
एक न्यायालय में छिपकर किसी तरह जान बचाई। जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला को कोतवाली पहुंचाया। कोतवाली में गुड़िया ने विकास दीक्षित, उसके बहनोई व चार अन्य साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक इस महिला को इससे पूर्व भी उक्त अधिवक्ता द्वारा पीटा गया था। 24 जून को महिला के साथ कचहरी परिसर में मारपीट हुई थी। जिसमें गुड़िया ने अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था।
जबकि अधिवक्ता विकास दीक्षित ने इसी महिला पर मारपीट का आरोप लगाते हुए नामजद केस दर्ज कराया था। कोतवाल धर्मेंद्र रघुवंशी का कहना है कि महिला व अधिवक्ता के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। मामले में क्रॉस केस दर्ज है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।