Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Youth murdered due to a grudge; perpetrators drove around with the body in a car as far as Mandsaur

रतलाम: पहले पार्टी में हुआ विवाद, फिर शराब पिलाने के बहाने बुलाकर कर दी हत्या; जंगल में मिला था शव

Sun, 08 Nov 2026 08:52 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम Published by: रतलाम ब्यूरो Updated Sun, 08 Nov 2026 08:52 PM IST
सार

रतलाम में 19 वर्षीय रितेश मईड़ा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जन्मदिन की पार्टी के बाद पुरानी रंजिश में चाकू से हत्या कर शव कार की डिक्की में मंदसौर ले गए। मामले में चार आरोपी पकड़े गए, चार फरार हैं।

 

विज्ञापन
Youth murdered due to a grudge; perpetrators drove around with the body in a car as far as Mandsaur
अपराध - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

युवक की हत्या कर शव दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के जामण पाटली के जंगल में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या पुरानी रंजिश के चलते चाकू से वार कर की गई थी। हत्या के बाद आरोपी शव को कार की डिक्की में रखकर ठिकाने लगाने के लिए मंदसौर तक ले गए, लेकिन वहां शव नहीं फेंक पाए। इसके बाद वे वापस रतलाम लौटे और बाजना रोड स्थित जामण पाटली के जंगल में शव फेंककर फरार हो गए।

विज्ञापन

प्रारंभिक जांच में हत्या और शव ठिकाने लगाने की वारदात में कुल आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने एक युवक सौरभ वर्मा और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। वहीं, चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन

एसपी अमित कुमार ने रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे दीनदयाल नगर थाने को सूचना मिली थी कि जामण पाटली क्षेत्र में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनुराग यादव, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

विज्ञापन
विज्ञापन

मृतक की पहचान लापता 19 वर्षीय रितेश मईड़ा उर्फ रिशू पिता शंभूसिंह मईड़ा निवासी रामनगर, रतलाम के रूप में हुई। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और एएसपी (रतलाम शहर) राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। टीम ने मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि 5 नवंबर की रात रितेश स्टेशन रोड क्षेत्र में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी में सौरभ वर्मा समेत अन्य युवक भी मौजूद थे।

पुलिस ने सौरभ वर्मा और उसके साथियों की तलाश शुरू की। उनके घर पर नहीं मिलने के बाद अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। 8 नवंबर को सौरभ वर्मा और 16 से 17 वर्ष के तीन लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर रितेश की हत्या करना स्वीकार किया।

पहले जन्मदिन की पार्टी में विवाद, फिर शराब पिलाने के बहाने बुलाया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 5 नवंबर की रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान रितेश का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। हालांकि, कुछ देर बाद विवाद शांत हो गया। इसके बाद आरोपी रितेश को शराब पिलाने के बहाने विरियाखेड़ी स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले गए। वहां एक बार फिर उनके बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने रितेश के गले, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पढे़ं: सीहोर: जहां पशुओं की खुशहाली के लिए दूध की नदी बहा देते हैं किसान, सदियों पुरानी आस्था आज भी कायम

हत्या के बाद एक आरोपी ने अपने परिचित से कार मंगवाई। उसने परिवार में किसी के बीमार होने और उसे अस्पताल ले जाने की बात कहकर कार मांगी थी। आधी रात को कार मौके पर पहुंची। आरोपियों ने रितेश का शव कार की डिक्की में रखा और उसे ठिकाने लगाने के लिए कुछ आरोपी मंदसौर तक गए। हालांकि, रास्ते में उन्हें शव फेंकने के लिए उपयुक्त जगह नहीं मिली। इसके बाद अगले दिन दोपहर में वे शव लेकर रतलाम लौटे और जामण पाटली के जंगल में फेंककर फरार हो गए।

एसपी ने बताया कि मामले में सौरभ वर्मा और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, चार अन्य आरोपी विकास उर्फ अज्जू मेघवाल, अमन बच्चा, समीर लाला कुरैशी और सुजल जैन की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक रितेश के खिलाफ हत्या के दो और जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज था। वह कुछ समय पहले ही जेल से छूटकर आया था।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि दो पक्षों के बीच पहले हुए विवाद की रंजिश के चलते रितेश की हत्या की गई। 14-15 अक्टूबर को कालिका माता मंदिर क्षेत्र में रितेश और कुछ आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद 17 से 20 अक्टूबर के बीच एक नाबालिग आरोपी और उसके भाई का भी रितेश से विवाद हुआ था। इन घटनाओं के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
रितेश 5 नवंबर की रात घर से दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने दीनदयाल नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर ही रहे थे कि 7 नवंबर की शाम जामण पाटली के जंगल में सुनसान स्थान पर उसका शव मिला।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed