{"_id":"69d2b0e76a42947afb06cb34","slug":"burn-victim-girl-also-dies-death-toll-rises-to-three-sitapur-news-c-102-1-stp1002-153399-2026-04-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sitapur: आग में झुलसी बालिका की भी मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन, सीएम ने चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद की","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sitapur: आग में झुलसी बालिका की भी मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन, सीएम ने चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद की
Mon, 06 Apr 2026 12:28 AM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
Updated Mon, 06 Apr 2026 12:28 AM IST
सार
शनिवार शाम हुए अग्निकांड में तीन लोगों की मौत हो गई। 21 घर जलकर राख हुए। मुख्यमंत्री ने चार-चार लाख रुपये की सहायता भेजी। जिलाधिकारी ने आवास देने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
सदरपुर के सरैंया चलाकापुर में शोकाकुल परिवार के सदस्य
- फोटो : संवाद
विस्तार
सरैंया चलाकापुर गांव में शनिवार शाम हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। गंभीर रूप से झुलसी सात वर्षीय बालिका मीनाक्षी उर्फ माही ने रविवार सुबह लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे में झुलसी फूलमती (45) और उनकी मां इदुरा (60) की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजनों के बैंक खातों में शासनादेश के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी।
विज्ञापन
आग की इस भयावह घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। 21 घरों में पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है। पीड़ित परिवारों के पास खाने-पीने और रहने तक का संकट खड़ा हो गया है। रविवार को राहत सामग्री वितरण के बावजूद दूसरे दिन भी इन घरों में चूल्हे नहीं जले और गांव में हर तरफ मातमी सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन
बताया गया कि शनिवार शाम खाना बनाते समय आग लगी, जो तेज आंधी के कारण तेजी से फैलकर आसपास के 21 घरों को अपनी चपेट में ले गई। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर और महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या ने गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जा रही है।
विज्ञापन
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
फूलमती का शव रविवार शाम गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में पति शत्रोहन ने अंतिम संस्कार किया। वहीं इदुरा और मीनाक्षी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जगईपुर (बाराबंकी) में किया गया।
बेटी की शादी की खुशियां भी राख
अग्निकांड में राजू गौतम की बेटी सावित्री (20) की शादी की तैयारियां भी जलकर खाक हो गईं। 28 अप्रैल को शादी तय थी और घर में रखा सामान व 50 हजार रुपये नकद आग में जल गए। अब परिवार के सामने शादी को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
जनप्रतिनिधियों ने बांटी राहत सामग्री
विधायक आशा मौर्या, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीड़ितों को राशन, कपड़े, बर्तन व तिरपाल वितरित किए और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पीड़ितों को मिलेगी सहायता राशि व आवास: डीएम
डीएम ने डॉ. राजागणपति बताया कि 18 परिवारों की 21 झोपड़ियां जलकर नष्ट हुई हैं। प्रति झोपड़ी 8 हजार रुपये की दर से सहायता दी जा रही है। इसके अलावा कपड़े व घरेलू सामान के लिए भी अलग से आर्थिक मदद दी जाएगी। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी और सभी प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा।