{"_id":"128-87714","slug":"Sitapur-87714-128","type":"story","status":"publish","title_hn":"महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका
Sitapur
Updated Tue, 28 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में हत्यारों ने एक महिला की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने महिला के चेहरे पर तेजाब भी डाल दिया। सोमवार की सुबह पुलिस ने शव बरामद किया है। शव के पास ही तेजाब की खाली बोतल मिली है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव के ग्रामीण सोमवार की सुबह टहलने निकले। इसी दौरान उन्होंने गांव के ही छत्रपाल के खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा। उसका चेहरा बुरी तरह से झुलसा हुआ था। शव के पास ही तेजाब की खाली बोतल पड़ी थी। महिला की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसने हरी, लाल, बैंगनी छापेदार साड़ी व लाल ब्लाउज पहन रखा था। मांग सिंदूर से भरी थी और पैरों में बिछिया व पायल भी मौजूद थी। ग्रामीणों का कहना है कि महिला आसपास क्षेत्र की निवासी नहीं है, इससे शव की पहचान में दिक्कतें आ रही हैं। संदेह जताया है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। हत्या का राज खुल न जाए, इसलिए चेहरे पर तेजाब डालकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया है। थानाध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्यारों ने किस तरीके से महिला की हत्या की है।
विज्ञापन