Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक पलटा; एक की मौत
जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हैं, जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। राहत और बचाव में जनता का बड़ा सहयोग रहा।
विस्तार
सिद्धार्थनगर जिले में उसका थाना क्षेत्र के गोरखपुर-नौगढ़ एनएच पर स्थित पकड़ी चौराहे पर बृहस्पतिवार दोपहर प्लाई लदा ट्रक टेंपो पर पलट गया। इस हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन एक ही परिवार के हैं और एक ट्रक चालक बताया जा रहा है। जिला अस्पताल में सभी को भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज हो रहा है। डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
महराजगंज जनपद के सहजनवा बाबू गांव निवासी सुधीर सिंह (50) पुत्र सुरेंद्र बहादुर सिंह सिद्धार्थनगर जनपद के नगर पालिका सिद्धार्थनगर में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। रात में पंप चलाते थे और दिन में टेंपो चलाते थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को नौगढ़ से उसका के लिए निकले थे और पकड़ी चौराहे पर सवारी बैठाने के लिए खड़े थे।
नौगढ़ से ही पांच सवारी टेंपो में सवार थे। चलने वाले थे कि तभी एक प्लाई लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और टेंपो उसी के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से प्लाई हटाकर टेंपो में सवार लोगों को बाहर निकाल कर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चालक सुधीर सिंह को मृत घोषित कर दिया गया।
अन्य घायलों की पहचान अवधेश कुमार (35), उसकी पत्नी उर्मिला (30), पुत्र आदित्य (12), पुत्र आदर्श (8) निवासी केसारी थाना चिल्हिया जो उसका बाजार थाना क्षेत्र के उसका राजा में ससुराल जाने के लिए नौगढ़ से टेंपो में बैठा था। इसके अलावा जोखन (60) निवासी रामगढ़वा थाना बृजमनगंज जो टेंपो में बैठा था और चालक राकेश (45) निवासी धर्मपुर थाना महारागंज शामिल है। इसमें आदर्श सुरक्षित है, उसे चोट नहीं लगी है। अन्य पांच घायलों का इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हैं, जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। राहत और बचाव में जनता का बड़ा सहयोग रहा।