भाजपा के भय से नहीं, विकास पर दें वोट: ओवैसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एआईएमआईएम के अध्यक्ष व सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा, सपा और बसपा पर निशाना साधा है। कहा कि सपा-बसपा की तरह हम भाजपा का डर दिखाकर वोट नहीं मांगते, बल्कि मोहब्बत और विकास की बात करते हैं। 70 साल से जिन्हें अपना समझकर आप वोट देते रहे हैं, उन्होंने कोई हक नहीं दिया। इस बार भी सोच समझकर मतदान नहीं किया तो पछताना पड़ेगा।
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कठेला बेलवनवा में पार्टी प्रत्याशी अली अहमद के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने सपा-बसपा पर मुस्लिम विरोधी होने का आरोप लगाया। कहा कि जब बाप ही बेटे को मुस्लिम विरोधी कह रहा है तो हम सपा को वोट क्यों देंगे। अगर बसपा हितैषी थी तो मुजफ्फरनगर के दंगों पर क्यों नहीं बोली। सपा, बसपा केवल आपका वोट लेते हैं, लेकिन हक नहीं देते। इन दलों ने सिर्फ खौफ दिखाकर हमें छला है। अब इससे बाहर आने की जरूरत है।
सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पांच साल तक सूबे में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार रही, बावजूद इसके विकास का कोई काम नहीं हुआ। भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराध चरम पर रहा है। इनकी नीयत विकास की नहीं है। पच्चीस हजार करोड़ रुपये लूट ले गए। बीएसपी ने भी अपनी हुकूमत में विकास का कोई काम नहीं किया। भाजपा और पीएम मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनाव के बाद मोदी के हर ख्वाब चूर हो जाएंगे। तीन तलाक के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी की यह कोशिश कामयाब नहीं होने देंगे। प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि सभी धर्म निरपेक्ष पार्टियां विकास की बात न कर केवल भाजपा का डर दिखाकर हमसे वोट लेती हैं। उन्होंने भाजपा का मतलब भारत जलाओ पार्टी बताया।