Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Fog increases the risk of accidents; 'black spots' remain unsafe.

Siddharthnagar News: कोहरे ने बढ़ाई हादसों की आशंका, ब्लैक स्पॉट नहीं सुरक्षित

Thu, 19 Nov 2026 11:51 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 19 Nov 2026 11:51 PM IST
विज्ञापन
Fog increases the risk of accidents; 'black spots' remain unsafe.
ग्राम पंचायत धौरीकुंइया के टोला कुढ़वा बाबा डीह का अंधा मोड़। संवाद
जिले में 15 ब्लैक स्पॉट और 25 दुर्घटना संभावित मार्ग चिह्नित, फिर भी खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजामों का इंतजार
विज्ञापन

सिद्धार्थनगर। कोहरे ने दस्तक दे दी है और सड़कों पर हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय कम होती दृश्यता वाहन चालकों के लिए चुनौती बन रही है। पिछले दिनों जिले में हुए सड़क हादसे इस खतरे की गंभीरता बयां कर चुके हैं। एक ही दिन में चार लोगों की मौत और सोहांस रोड पर दो बाइक सवारों की जान जाने की घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
नवंबर में यातायात माह और 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। जिले में 15 ब्लैक स्पॉट और 25 दुर्घटना संभावित मार्ग भी चिह्नित हैं। ऐसे में सवाल है कि बार-बार हादसों की वजह बनने वाले इन स्थानों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए अब तक कितने ठोस इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन

तराई क्षेत्र होने के कारण सिद्धार्थनगर में सर्दियों के दौरान कोहरा सड़क यातायात के लिए बड़ी चुनौती बनता है। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर जिला और ग्रामीण मार्गों तक सुबह के समय दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। ऐसे में तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना रिफ्लेक्टर के खड़े वाहन और अंधेरे वाले हिस्से जानलेवा साबित हो सकते हैं। दोपहिया वाहनों के साथ स्कूल बसों, मैजिक और अन्य यात्री वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिले में हाल के हादसे इस खतरे की गवाही दे रहे हैं। 30 अक्तूबर को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 15 नवंबर को सोहांस रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हुए। इससे पहले 17 जनवरी को ढेबरुआ क्षेत्र के मदरहिया गांव के पास एनएच-730 पर कोहरे के दौरान स्कूल बस और मैजिक पलटने से 32 लोग घायल हुए थे।
--------
ब्लैक स्पॉट चिह्नित, फिर भी नहीं थम रहे हादसे
जिले में 15 ब्लैक स्पॉट चिह्नित होने के बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सनई चौराहा इसका उदाहरण है। यहां वर्ष 2023 में तीन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। वर्ष 2024 में दो दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की जान गई, जबकि 2025 में तीन हादसों में दो लोगों की मौत हुई। शोहरतगढ़-बढ़नी मार्ग पर झरुआ मोड़, परसिया मोड़, पड़रिया और छतहरा मोड़ भी दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील हैं। झरुआ मोड़ पर तीखा घुमाव और सामने से आने वाले वाहनों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलना खतरा बढ़ाता है। कुछ स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर की कमी भी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
------------
25 दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम जरूरी
कोहरे में हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिले के 25 दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत है। इसके तहत गति सीमा के बोर्ड, चमकदार कैट आई, स्पीड ब्रेकर, सफेद पट्टी और चेतावनी संकेतक लगाए जाने हैं। तेतरी-सोहांस-लोटन, उसका-बृजमनगंज, पकड़ी-उदयपुर, जगमोहनी-सनई और मोहाना-लोटन समेत कई मार्ग इसमें शामिल हैं। इन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कहां सुरक्षा संकेतक लगे हैं और कहां वाहन चालक अब भी खतरे के बीच सफर कर रहे हैं। केवल दुर्घटना संभावित मार्ग घोषित कर देने से हादसों पर अंकुश नहीं लगेगा।
-----------
पखवाड़े में जांच और चालान पर जोर
एआरटीओ संजय सिंह के अनुसार, 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने जांच और जागरूकता अभियान की कार्ययोजना बनाई है। इसमें स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच, व्यावसायिक वाहन चालकों का स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने और मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध पार्किंग, डग्गामार वाहनों और मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।

--------------
कोहरे में इन सावधानियों का रखें ध्यान
वाहन की गति धीमी रखें और लो बीम लाइट का इस्तेमाल करें।
आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
अचानक ब्रेक लगाने और ओवरटेक करने से बचें।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं।
वाहन के आगे और पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगवाएं।
सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें। मजबूरी में पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टर का इस्तेमाल करें।
दृश्यता बेहद कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और सड़क संकेतकों का पालन करें।
कोट
कोहरे के दौरान सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और कम दृश्यता में लो बीम लाइट का इस्तेमाल करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। व्यावसायिक और स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच की जा रही है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
- डॉ अभिषेक महाजन, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed