फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Flood of faith gathered to offer Arghya to Lord Bhaskar

Siddharthnagar News: भगवान भास्कर को अर्घ्य देने उमड़ा आस्था का सैलाब

Sat, 09 Nov 2024 12:13 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर Updated Sat, 09 Nov 2024 12:13 AM IST
विज्ञापन
Flood of faith gathered to offer Arghya to Lord Bhaskar
सिद्धार्थनगर। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने जमुआर घाट पर शुक्रवार सुबह आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि वहां तिल रखने की जगह तक नहीं बची। सूर्य की पहली किरण पड़ते ही भक्ति के सतरंगी माहौल में घाट डूब गए। घाटों पर व्रती महिलाओं के आने का सिलसिला भोर से शुरु हो गया। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने संतान के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।
विज्ञापन


सूर्य की पहली किरण के दर्शन करने और अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु रात से ही घाट पर पहुंचने शुरू हो गए। सुबह चार बजे तक जमुआर घाट खचाखच भर गया। चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सूर्योदय से पहले घाट का नजारा ऐसा हो गया कि वहां बमुश्किल लोग चल पा रहे थे। छठी मैया के भक्ति गीतों पर लोग झूमते-नाचते नजर आए तो वहीं व्रती महिलाओं ने लोकगीतों की परंपरा कायम रखी। व्रती महिलाएं पानी में खड़ी होकर सूर्यदेव के उगने का इंतजार करने लगीं और सूर्य की पहली किरण पड़ते ही छठ घाट, भक्ति के सतरंगी माहौल में डूब गया। बिना शोर वाले पटाखों की आतिशबाजी कर लोगों ने खुशियां मनाई और एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। सूर्य देवता और छठी मईया के जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया और व्रती महिलाओं ने अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन किया।
विज्ञापन


छठ घाट पर लोगों की सुरक्षा व्यवस्था के गोताखोर व नाव के साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे। इस दौरान आरएसएस के विभाग प्रचारक राजीव नयन, जिला प्रचारक विशाल, नगर कार्यवाह सौरभ, नगर व्यवस्था प्रमुख नंदलाल रस्तोगी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, भाजपा नेता अभिषेक पाल, धनंजय सहाय, फतेहबहादुर सिंह, योगेश श्रीवास्तव, सतीश रस्तोगी, जंगबहादुर वरुण, संतोष चौधरी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


-----

छठी मैया से परिवार के खुशहाली की कामना

शोहरतगढ़। हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ उगते सूर्य की पहली किरण को अर्घ्य देकर छठ व्रत का समापन शुक्रवार को हुआ। उगा उगा हे सूर्यदेव उगा आदि छठ गीत गाते हुए व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंच गईं। सूप में पूजा सामग्री नारियल, मूंगफली, सिंघाड़ा, केला सेब, ठेकुआ आदि रखकर सरोवर में खड़ी होकर सूर्यदेव के उगने की प्रतिक्षा करने लगीं। सुबह जैसे ही सूर्य की लालिमा दिखी, जयकारा लगने लगा और महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत तोड़ा। चेयरमैन उमा अग्रवाल अपने पति रवि अग्रवाल के संग उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के साथ क्षेत्र के खुशहाली के लिए कामना की। श्रद्धालुओं से शिव बाबा छठ घाट खचाखच भरा हुआ था और सुरक्षा की दृष्टि से सरोवर में गोताखोर नाव पर सवार होकर भ्रमण करते रहे। शोहरतगढ़ के शिव बाबा घाट समेत बानगंगा, चिल्हिया, पल्टादेवी, करौती, बेलवा महदेवा, बानगंगा, बड़गो, कपिया, टेकनार, गायघाट, धुसरी बुजुर्ग, धुसरी खुर्द, गौरा बाजार, खुरहुरिया, बूढ़ापारा पकड़ी आदि घाटों पर भारी संख्या में व्रती महिलाओं समेत परिजन व श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा के लिए सीओ सुजीत राय, शोहरतगढ़ एसओ बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी, चिल्हिया एसओ दुर्गा प्रसाद भारी संख्या में पुलिस के जवानों के साथ मुस्तैद दिखे।

-----------

पुरूबे से उगेले नारायन, पछिमे होला उजियार...

शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बानगंगा, घोरही, बूढ़ी राप्ती नदी व विभिन्न पोखरों पर भोर होते ही पुरूबे से उगेले नारायन, पछिमे होला उजियार और उग हो सूरुज देव भइल अरघ के बेर जैसे छठ माई के गीत गूंज उठे। कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से शुरू हुआ छठ महापर्व सप्तमी तिथि में उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही शुक्रवार को संपन्न हो गया। छठ महापर्व के चौथे दिन शुक्रवार को विभिन्न नदी, घाटों और तालाबों पर बनाई गई वेदियों के पास पहुंचे। पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को व्रत का दूसरा अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बानगंगा, घोरही व बूढ़ी राप्ती नदी के घाटों छठ पूजा के लिए आस्था सैलाब देखने को मिला।

------

छठी मईया के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

बांसी के राप्ती नदी तट पर स्थित रानी मोहभक्त लक्ष्मी स्नान घाट पर छठी मैया की स्थापित की गई प्रतिमा को श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए घाट पर काफी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने छठ मैया की पूजा अर्चना कर मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।

----------

दीयों की रोशनी से जगमग हुए छठ घाट



मिश्रौलिया में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व पर छठ पर शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने पूजन किया। निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु छठ पूजा घाट पर सुबह से ही भारी संख्या में सपरिवार पहुंच गए। क्षेत्र के बड़हर घाट, चेतिया मोती सागर शिव मंदिर, परासी नदी के घाट पर व्रती महिलाएं भोर से ही आने लगीं। सूर्यदेव के निकलने से पहले ही व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर संतान की दीर्घायु और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्योदय के साथ ही उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान भाजपा नेत्री पूजा पाल, अमरेंद्र पाल, प्रिंस शर्मा, मिश्रौलिया एसओ अरुण कुमार, चेतिया चौकी इंचार्ज राघवेंद्र प्रताप यादव, धर्मेंद्र यादव आदि लोग मौजूद रहे।

------------------

गाजे-बाजे के साथ घाट पर पहुंचे श्रद्धालु



पकड़ी बाजार क्षेत्र में बने घाटों पर शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ पहुंचीं व्रती महिलाओं ने पहुंच कर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। क्षेत्र के भेडि़हवा, बाणगंगा नदी, बुढ़नईया पोखरा, पकड़ी पोखरा, बैदौली घाट, जम्हिरिया, लमुईया, बैलिहवा, सिरसिया आदि जगहों पर बने छठ घाट पर व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। इस दौरान मंटू चौधरी, बाबा बालक दास, वीरेंद्र भास्कर, विरेंद्र कुमार, आशीष सिंह, पिंटू सिंह, चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।



------------

भोर से ही शुरू हो गया श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला





बर्डपुर। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शुक्रवार को भोर से ही बर्डपुर बाजार स्थित घाट पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। पोखरे परे बने छठ घाट पर व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और घर-परिवार के खुशहाली की कामना की। छठी माई के गीतों पर लोग झूमते-नाचते नजर आए।


-----------

बिस्कोहर में छठ मैया की गीतों से गूंज उठे घाट



नगर पंचायत बिस्कोहर में छठ पर्व पर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। फलों व पूजन सामग्री से भरे सूप को सिर पर उठाए परिजनों के साथ महिलाएं नगर के शिव चरण पोखरे पर पहुंची। दीप और गन्ने की ढेरियों से सुशोभित वेदियां, छठ मइया के गूंजते गीत के बीच व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत का समापन किया। इस दौरान छठ मैया देहले बानी मांग कै सिंदुरिया..छठी माई बरत सुहावन भूखै सारा संसार...छठ महारानी पूरण कीजे काज...और छठी मैया सुन ली पुकार...जैसे कई गीताें से छठ मैया की आराधना की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता, मंजू रानी जायसवाल, प्रिया कौशल, सावित्री कसौधन, मंशा गुप्ता , रीता कसौधन, मंजू मौर्य आदि मौजूद रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed