फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   continue rainfall changed routine

बारिश ने बदली दिनचर्या, घर में दुबके रहे लोग

Sat, 17 Sep 2022 12:22 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sat, 17 Sep 2022 12:22 AM IST
विज्ञापन
continue rainfall changed routine
मूसलाधार बारिश के चलते हल्लौर गांव में घर के सामने भरा पानी। संवाद - फोटो : SIDDHARTHNAGAR
बारिश ने बदली दिनचर्या, घर में दुबके रहे लोग
विज्ञापन

स्कूल नहीं पहुंचे बच्चे, चौक-चौराहों पर पसरा रहा सन्नाटा
सिद्धार्थनगर। जिले में शुक्रवार को तीसरे दिन लगातार बारिश ने लोगों की दिनचर्या बदल दी। लोग घरों में दुबके रहे, जबकि ज्यादा जरूरी काम होने पर लोग छतरी और रेनकोट के सहारे बचते हुए बाहर निकले। बारिश के कारण चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भर जाने के कारण किसान खुश नजर आए।
शहर, कस्बे व गांवों में शुक्रवार सुबह से ही बारिश होती रही। दिन भर बारिश का क्रम नहीं टूटा तो ड्यूटी करने वाले लोग ही घर बाहर गए, जबकि ज्यादा लोगों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। हालांकि, कई क्षेत्रों में बच्चे और उनके परिवार के लोग भीगते हुए जाते नजर आए। लगातार बारिश के कारण शहर व कस्बों की नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। जिन सड़कों में गड्ढे बन गए हैं, उन मार्गों से जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

भूगर्भ जल के लिए बेहतर है बारिश
जिले में मानसून सीजन में हुई अच्छी बारिश से भूगर्भ जल स्तर बेहतर होगा, क्योंकि सूखे के दौरान खेतों में लगी बोरिंग से पर्याप्त पानी नहीं आ रहा था। यह बारिश सिंचाई के लिए बेहतर है। खेतों में पानी नजर आने लगा है। अन्य जलस्रोतों में भी पानी भर गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

राज्य कृषि मौसम केंद्र लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 37.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बांसी में 66 मिमी, डुमरियागंज में 11 मिमी, नौगढ़ में 39.9 मिमी, शोहरतगढ़ में 20 मिमी एवं उसका बाजार में 41.4 मिमी बारिश हुई। जिले में मानसून सीजन में 511.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि मानसून सीजन में अब 965.5 मिमी बारिश होनी चाहिए। फिलहाल 47 प्रतिशत बारिश कम हुई है।
बढ़ रहा है नदियों का जलस्तर
शोहरतगढ़। लगातार दो दिन से हो रही बारिश से बानगंगा नदी का जल स्तर बढ़ रहा है, जिससे नदी के किनारे गांव के लोगो की चिंता बढ़ गई। जल स्तर बढ़ने से सिंचाई विभाग ने बैराज के सातों फाटकों को खोल दिया, लेकिन नदी का जल स्तर खतरे के निशान से अभी नीचे है।
बानगंगा नदी जलस्तर बढ़ने से प्रशासन लगातार अपनी नजर बनाए हुए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ जाने से नदी के किनारे बसे कोमर, महथा, लेदवा, गजहडा, नहरी, झरूआ, गोलौहरा डीह, खड़कुइया, चंपापुर, और हलौरा गांव लोग सहम जाते हैं। तहसील प्रशासन में लेखपालों को नदी के किनारे गांवों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश की वजह से नदी का जल स्तर बढ़ गया है। नदी अभी खतरे के निशान से बहुत नीचे हैं, लेकिन नदी के किनारे बसे गांवों व कटान स्थलों का टीम ने निरीक्षण किया जा रहा है।
घरों के सामने जलभराव
पकड़ी बाजार। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के पकड़ी से पिपरी संपर्क मार्ग पर स्थित पकड़ी चौराहे पर नाली का निर्माण न होने से बरसात का पानी लोगों के घरों के सामने ही इकट्ठा हो रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पकड़ी से पिपरी संपर्क मार्ग पर स्थित पकड़ी चौराहे पर नाली निर्माण न होने से घर एवं दुकान के सामने पानी इकट्ठा हो रहा है। इसी क्षेत्र के राम कैलाश यादव, लालचंद्र जायसवाल, संतराम, महेश, कपिल देव चौधरी,राम औतार, रमेश कुमार, भोलेनाथ, भल्लू निषाद, जगदीश प्रसाद, दयालदास, वीरु जायसवाल आदि ने नाली निर्माण की मांग की है।
स्कूल परिसर में जलभराव से छात्रों को परेशानी
बिस्कोहर। लगातार बारिश से परिषदीय विद्यालयों के परिसर लबालब है। छत से पानी टपकने लगा है। शुक्रवार को बच्चों को स्कूल जाने-आने में काफी दिक्कत हुई।
विकास खंड भनवापुर क्षेत्र के विद्यालयों में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से परिसर में पानी भर गया है। एक की छत टपकने लगी। विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को पानी से होकर आना-जाना पड़ा।
नगर पंचायत बिस्कोहर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय का परिसर में पानी भर गया। बच्चे और शिक्षक पानी से होकर अध्यन व भोजन कक्ष तक पहुंचे। कंपोजिट अपर प्राइमरी स्कूल कोहड़ौरा में भी जलभराव से जूझना पड़ा। बुड्ढी खास गांव के कंपोजिट अपर प्राइमरी स्कूल का परिसर भी तालाब की शक्ल में तब्दील हो गया। प्राथमिक विद्यालय गौरा बड़हरी में भी जलभराव रहा। यहां जर्जर हो चुकी छत टपक रही है। बच्चे पढ़ाई बंद करके बरामदे में शिक्षकों के साथ खड़े हो गए।
प्राथमिक विद्यालय सिकरा बुजुर्ग और कंपोजिट अपर प्राइमरी विद्यालय संग्रामपुर में जलभराव की समस्या से शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को जूझना पड़ा। प्राथमिक विद्यालय डेगहर में भी जलभराव रहा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिस्कोहर प्रधानाध्यापक उमाकांत गुप्ता, कोहडौरा के विद्यालय इंचार्ज गोपेश दूबे, बुड्ढी खास के प्रधानाध्यापक राहुल कुमार, सिकरा बुजुर्ग के इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि विद्यालय परिसर में जलभराव से छात्रों की उपस्थिति कम होने लगी है।
बारिश में उखड़ने लगी सड़क
इटवा। इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर दो सप्ताह पूर्व हुई पैचिंग उखड़ने लगी है। बेवा-डुमरियागंज-इटवा-बढ़नी मार्ग के राज्य मार्ग घोषित होने से लोगों में खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। बड़े-बड़े गड्ढों के चलते राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, विभाग ने बड़े गड्ढों को भरकर पक्का पैच बनाना शुरू किया था । परंतु यह पैच भी दो दिन की बारिश नहीं झेल सका। शिव बालक यादव, राम करन, पप्पू, करमहुसेन आदि ने सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। निर्माण खंड एक लोनिवि सिद्धार्थ नगर के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव का कहना है कि अभी मरम्मत का कार्य हो रहा है।
नगर व ग्रामीण क्षेत्र में चारों ओर पानी
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी बहने के साथ ही जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोगों के घरों में पानी घुस गया है। इससे लोगों को कठिनाई उठानी पड़ रही है।
तहसील मुख्यालय स्थित ब्लॉक कार्यालय परिसर, जीजीआईसी प्रांगण, शाहपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर सहित बीआरसी परिसर, बैदौलागढ़ स्थित विद्युत वितरण खंड प्रांगण में जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को कठिनाई हो रही है।
डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर हल्लौर और भटगवा की सड़क के दोनों तरफ भारी जल भराव हो गया है। हल्लौर के पश्चिम टोला में स्थित कब्रिस्तान से कर्बला रोड तक बारिश का पानी घरों में घुस गया है। क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी सड़क, चौराहे और गली-मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं।
दूसरी तरफ लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खुशी है। धान की फसल लहलहा उठी है। क्षेत्र के समाजसेवी आलोक श्रीवास्तव, संतोष अग्रहरि, मोहम्मद रेहान, रेहान, अबिश, दिलबर, सुल्तान, असीम, कमर, राशिद, सरवर मेहंदी, अमित कुमार आदि ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की हैं।
कस्तूरबा विद्यालय में भरा पानी
शाहपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय शाहपुर के प्रांगण में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन रीमा और कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव कुमार राय ने बताया कि विद्यालय के पश्चिम रोड की तरफ से बरसात का पानी विद्यालय में आता है।

तेज बारिश में गिरा मकान, हादसा बचा
भवानीगंज। नगर पंचायत बढ़नी चाफा अंतर्गत बडेडिहवा में शुक्रवार सुबह 9 बजे के करीब बारिश के कारण रज्जाक का खपरैल का मकान गिर गया। गनीमत थी कि रात में सो रहे रज्जाक सुबह होते ही बाहर निकल गए थे। रज्जाक के पास आवास नहीं है। भाजपा की महिला प्रदेश सदस्य मोनी पांडेय ने ईओ नवीन कुमार कुशवाहा को फोन कर मामले की जानकारी दी और कहा कि रज्जाक को आवास दिलाने पहल की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed