जमुनहा (श्रावस्ती)। भेला गांव में करीब 25 पूर्व एक नवविवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को बिना सूचना दिए ही शव को दफन कर दिया था। जानकारी पर मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। डीएम के निर्देश पर शनिवार को शव जमीन से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भेलागांव निवासी कमलेश की पत्नी नीलम की 20 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवारीजन ने मायके वालों को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। मृतका के पिता अमरीका प्रसाद निवासी दामुपुरवा थाना सोनवा ने ससुरालीजन पर दहेज के लिए पुत्री नीलम को मार कर शव को छिपाने का आरोप लगाया था। 24 अप्रैल को पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मृतका के पति, सास, ससुर, देवर, ननद के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस की मांग पर डीएम टीके शिबू ने कब्र से शव निकाल कर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। डीएम के आदेश के बाद जमुनहा एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, सीओ हौसला प्रसाद व थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने भेलागांव पहुंच कर शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।