Shamli: क्रिकेट खेलते हुए युवक की हृदय गति रुकने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम, तीन बहनों का था इकलौता भाई
उत्तर प्रदेश के शामली में शनिवार सुबह एक युवक की क्रिकेट खेलने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। बताया गया कि वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
शहर के टंकी रोड विवेक विहार निवासी सर्राफ व्यापारी सुखमाल वर्मा के पुत्र कुलदीप(28) रोजाना की तरह शनिवार सुबह वीवी पीजी कॉलेज के मैदान में साथियों के साथ क्रिकेट खेलने गए थे।
क्रिकेट खेलना ही शुरू किया था कि बॉल फेंकते ही कुलदीप जमीन पर गिर गए। साथियों ने उसे उठाया, लेकिन वह कुछ बोल नहीं सके। इसके बाद उसे कार से सहारनपुर रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकाें ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने युवक की हृदय गति रुकने से मौत होना बताया है।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि सुखमाल वर्मा की बड़ा बाजार में ठाकुरद्वारा मंदिर के निकट सर्राफ की दुकान है। कुलदीप भी अपने पिता की साथ दुकान पर ही काम में हाथ बंटाता था।
मृतक के तीन बहनाें का इकलौता भाई था। इनमें एक बहन शादीशुदा है और दो बहनों की अभी शादी नहीं हुई है। मृतक की पत्नी व बहनों समेत पूरे परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल बना रहा।
मृतक की 13 माह की एक बेटी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ उनके आवास पर लग गई। लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगे रहे। उधर, युवक की मौत होने पर ठाकुरद्वारा के आसपास पर सर्राफा बाजार बंद रहा।