शामली। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज शामली के सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के लगभग 40 छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
शनिवार को चित्रकला अध्यापक अरविंद कुमार के निर्देशन में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने चित्रों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि मतदान हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है। मतदान ही लोकतंत्र की नींव होती है। उन्होंने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम की बाद में घोषणा कर विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। हिंदी के प्रवक्ता नीटू कश्यप ने मतदान से संबंधित कविता सुनाते हुए मतदान के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मलूक चंद, मोहर सिंह, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, सचिन कुमार, विजय कुमार, अंकुर कुमार, वसीम खान, मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।