UP: नवरात्र में मीट खाने की जिद करती थी प्रेमिका, दरांती से मार डाला, प्रेमी ने पूछताछ में उगला वारदात का सच
Shamli News : पुलिस ने ईशा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्यारोपी प्रेमी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि ईशा नवरात्र में मीट खाने की जिद करती थी, इसलिए मार डाला।
विस्तार
शामली जनपद में बंतीखेड़ा गांव के ईशा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। नवरात्र में ईशा मीट खाने की जिद करती थी, जिसे लेकर झगड़ा हुआ। इसी विवाद में आरोपी आशु उर्फ अंशु ने उस पर दरांती से हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को गांव में नलकूप के कुएं में फेंक दिया था।
बंतीखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह युवती का शव नलकूप के कुएं में पड़ा मिला था। जिसकी शिनाख्त परिजनों ने फतेहपुर निवासी ईशा उर्फ नईमा के रूप में की थी। ईशा के पिता राशिद ने बंतीखेड़ा निवासी आशु उर्फ अंशु पुत्र अजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजनों ने बताया था कि दो मार्च को ईशा अपने घर से लापता हो गई थी। इसके बाद वह 13 मार्च को वापस घर लौट आई थी। ईशा ने परिजनों को बताया था कि उसने बंतीखेड़ा निवासी आशु से प्रेम विवाह कर लिया है। इसके बाद वह 17 मार्च को फिर से घर से चली गई।
राशिद के मुताबिक, उनके फोन पर आशु के पिता अजीत का फोन आया। उन्होंने बताया था कि ईशा उनके यहां आ गई, इसे ले जाओ। वह अपने पुत्र के साथ बंतीखेड़ा पहुंचे थे और ईशा को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं मानी और आशु के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। जिसके बाद परिजन वापस लौट आए। 31 मार्च की सुबह ईशा का शव मिला।
यह भी पढ़ें: जेल के अंदर की बात: जिंदगी को ऐसे संवार रहे अपराधी, इनकी पढ़ाई के बारे में जान होंगे हैरान, पढ़ें खास रिपोर्ट
वहीं, गिरफ्तार किए गए आशु से की गई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि 2021 में आशु ने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इस दौरान शामली आते-जाते ईशा से प्रेम-प्रसंग हो गया। आठ माह पूर्व मुजफ्फरनगर में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। दो मार्च को ईशा उसके घर पहुंच गई, तब उसने शादी की बात परिजनों को बताई। परिजनाें और समाज के विरोध के कारण 13 मार्च को ईशा अपने घर चली गई। लेकिन 17 मार्च को फिर से वापस उनके घर आ गई।
इस बीच नवरात्र शुरू हो गए। ईशा नवरात्र में मीट खाने की जिद करती थी। इसे लेकर झगड़ा होने लगा। 29 मार्च की रात फिर झगड़ा हुआ तो उसने ईशा पर दरांती से प्रहार किया। सिर में दरांती के वार से वह बेहोश हो गई। जिसके बाद उसने रेहड़े में शव ले जाकर कुएं में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: फौजी समेत पांच की मौत से गांवों में छाया मातम, एक साथ जलीं तीन चिताएं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस ने आशु के पास से आला-ए-कत्ल दरांती, शव को लपेटकर ले जाने में प्रयोग किया गद्दा, रेहड़ा व नमक का खाली प्लाटिक का बोरा भी बरामद किया है।