ऊन। ऊन ब्लाॅक के चार शिक्षकों की सर्विस बुक गुम होने के मामले में विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। छह माह से अधिक समय से सर्विस बुक की शिक्षक मांग कर रहे हैं। बीएसए को शिकायत करने के बाद विभाग में खलबली मची है।
खंड शिक्षा कार्यालय ऊन में चार शिक्षकों की सर्विस बुक गुम होने की शिकायत तीन दिन पहले बीएसए लता राठौर से की गई थी। शिक्षकों ने विभागीय लिपिक पर लापरवाही के चलते सर्विस बुक गुम करने का आरोप लगाया था। शिक्षकों का कहना है कि वह छह माह से सर्विस बुक दिखाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सर्विस बुक नहीं दिखाई जा रही है। यह मामला सामने आने पर अन्य शिक्षकों ने भी अपनी सर्विस बुक का अवलोकन करने क मांग कर रहे हैं। बताया गया है कि इस मामले में बीएसए ने लिपिक ऋषिपाल को तीन दिन का समय देते हुए शिक्षकों की सर्विस बुक तलाश करने के निर्देश दिए और न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। बताया गया है कि जब विभाग में पटल का चार्ज लिया जाता है, उस समय सभी पत्रावली लिखित में ली जाती है और जो पत्रावली उपलब्ध नहीं होती उसकी जानकारी अधिकारियों को दी जाती है, लेेकिन इस प्रकरण में ऐसा नहीं किया गया है। इस प्रकरण में विभाग की लापरवाही उजागर हुई है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी विकास पंवार ने बताया कि सभी अध्यापक जिला बिजनौर से 2021 में आए थे। सर्विस बुक सितंबर 2022 में आई है। बीआरसी पर सर्विस बुक न मिलना लिपिक की लापरवाही है। यह प्रकरण बीएसए के संज्ञान में हैं। इस मामले में अग्रिम कार्रवाई उनके द्वारा ही की जाएगी।