शामली, कैराना। विद्युत विभाग की टीम ने नगर के कई मोहल्लों में छापा मार अभियान चलाया। इस दौरान 4 लाख का बकाया राजस्व जमा कराया गया।
सोमवार को अधीक्षण अभियंता राजेश तोमर के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने हाई लाइनलाॅस के चलते नगर के मोहल्ला छडि़यान व आलकला में छापामार अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विद्युत बिल बकाए पर 72 घरों के कनेक्शन काटे, वहीं 30 उपभोक्ताओं द्वारा मौके पर ही बिल बकाया जमा करने पर उनके कनेक्शन मौके पर ही जोड़ दिए गए। अभियान के दौरान कुल आठ लाख के बकाएदारों में से चार लाख रुपये विभाग द्वारा जमा कराए गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अगर किसी उपभोक्ता ने बिना बिल जमा कराए विद्युत जोड़ लिया तो उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पुनीत कुमार निगम, उपखंड अधिकारी अमित गुप्ता, अजय शर्मा, मोहम्मद सैफी मौजूद रहे।