बिडौली मार्ग पर सड़क हादसे में दस लोग घायल
चौसाना (शामली)। बिडौली मार्ग पर शनिवार देर रात एक पिकअप की साइड लगने से पांच बाइक आपस में टकरा गई, जिससे करीब 10 लोग घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायलों की क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव खोडसमा गांव के निकट एक पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे मार्ग पर चल रहीं अन्य चार बाइक भी आपस में भिड़ गईं। दुर्घटना में बहादुर पुत्र पद्म निवासी नाईनंगला को गंभीर चोट आई। पीड़ित ने बताया कि वह सहारनपुर से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसके अलावा दुर्घटना में आलम पुत्र दिलशाद निवासी कच्ची गढ़ी, राहुल पुत्र सतेंद्र निवासी अजमानपुर थाना परतापुर मेरठ व चार अन्य लोग घायल हो गए। कुछ राहगीर पुलिस को बिना सूचना के अपने घरों को लौट गए। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने कब्जे में लिया और चौकी लेकर आई। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है।