यूपी: शामली में बस की छत पर बैठे छात्र की विद्युत लाइन से टकराकर मौत, दूसरा गंभीर
उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार दोपहर बस की छत पर बैठे छात्र की ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकराने से मौत हो गई, जबकि उसका साथी भी गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। बताया गया कि युवक अपने साथी के साथ बस की छत पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दोनों छात्र ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार कैराना थाना क्षेत्र के कंडेला बस स्टैंड पर प्राइवेट बस की छत पर बैठे छात्र की ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से टकराकर मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: मेरठ-करनाल हाईवे पर किसानों का जोरदार प्रदर्शन, धान से लदे वाहन सीमा पर वाहन रोकने पर लगाया जाम
कॉलेज के लिए निकला था छात्र
कंडेला गांव में छात्र सत्यम अपनी बहन के पास रहकर पढ़ाई करता था। वह शामली के वीवी इंटर कॉलेज में कक्षा-11 का छात्र था। बुधवार सुबह वह गांव के ही अपने साथी लखन के साथ कॉलेज के लिए निकला था।
विद्युत लाइन से टकराने पर हुआ हादसा
यहां कंडेला गांव के बस स्टैंड से दोनों एक प्राइवेट बस की छत पर सवार हो गए। बताया गया है कि दोनों सड़क के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से टकरा गए। करंट की चपेट में आते ही सत्यम बस की छत से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लखन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे शामली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं घटना के बाद से दोनों छात्रों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।