Shamli: विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, जहरीला पदार्थ देने की जताई आशंका
शामली के कसरेवा गांव में विवाहिता काजल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग और संतान नहीं होने को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
विस्तार
शामली जनपद के कसरेवा गांव में बुधवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान काबड़ौत निवासी काला की बेटी काजल के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने और संतान नहीं होने को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
चार साल पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता काला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार वर्ष पहले उनकी बेटी काजल की शादी छोटा कसरेवा निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास राजो, देवर और अन्य ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर काजल को परेशान करते थे।
यह भी पढ़ें: UP: शामली में रातभर पुलिस ने थाने में बैठाए सपा-कांग्रेस नेता, प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए थे, सुबह छोड़ा
संतान नहीं होने को लेकर भी प्रताड़ना का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि संतान नहीं होने को लेकर भी काजल को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार, कई बार दोनों परिवारों के बीच बातचीत कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बाद भी काजल का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
जहरीला पदार्थ देने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर ससुराल पक्ष के लोगों ने काजल को जहरीला पदार्थ दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।