शामली: खुलासे से अफसर भी हैरान, मर्डर की वजह थी सिगरेट, बीसीए के छात्र को उतारा था मौत के घाट
Shamli Murder Case: शामली में बीसीए के छात्र की हत्या का खुलासा होने पर अफसर भी हैरान रह गए। हत्या की वजह यह सामने आई है। जानिए आखिर पूरा मामला क्या था।
विस्तार
Shamli Murder Case: शामली जनपद के गांव जलालपुर में चार दिन पहले बीसीए के छात्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में थाना आदर्श मंडी और एसओजी टीम ने मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिग हिरासत में लिए। इनके अलावा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल व बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि धूम्रपान करने से रोकने को लेकर हुई मारपीट का बदला लेने के लिए छात्र की हत्या की गई थी।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर में शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बीसीए के छात्र अनमोल शर्मा की गांव के बाहर कोल्हू के निकट तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा मोहित शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने गांव के जितेंद्र समेत तीन नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं एसपी अभिषेक ने आदर्श मंडी, सर्विलांस टीम व एसओजी टीम को हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाया था।
यह भी पढ़ें: BIJNOR: गांव में अचानक हुई हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, मचा हड़कंप, देखने वालों की जुटी भीड़, तस्वीरें
एसपी ने सोमवार को बताया कि पुलिस की जांच में नामजद आरोपियों के अलावा शुभम निवासी गांव पुरमाफी थाना झिंझाना, अरविंद निवासी काकड़ा थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर, विनय निवासी गांव जलालपुर के भी नाम सामने आए।
इस मामले में पुलिस ने सूचना के आधार पर किरोड़ी रोड चौराहे से अनमोल की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिग हिरासत में लिए और दो आरोपी अरविंद निवासी काकड़ा और विनय निवासी जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे, दो कारतूस, मोबाइल व बाइक बरामद की गई। इस घटना में दो आरोपी अभी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: यूपी में ताबड़तोड़ कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय पशु तस्कर की 15 बीघा जमीन जब्त, जानें- कौन था अकबर बंजारा
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी नाबालिग ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 22 अक्तूबर को एक सैलून पर अनमोल व उसके साथी धूम्रपान कर रहे थे, जिसका धुआं उसकी तरफ आ रहा था। उसने धूम्रपान करने से मना किया तो अनमोल व उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी। उसने गांव के जिम्मेदार लोगों से इसकी शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने उसकी बात को अनसुना कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने बदला लेने के लिये 28 अक्तूबर को हत्या करने की साजिश रची और उसी रात में अनमोल की हत्या करने के बाद बाइक से फरार हो गए थे।