बुझे दो घरों के चिराग : मौत ने मारा झपट्टा, बिछड़ गए जिगरी दोस्त, आई-20 कार से गए थे हरियाणा
बुझे दो घरों के चिराग : हरियाणा से लौटते वक्त मौत ने झपट्टा मारा तो दो दोस्तों की सांसें टूट गईं। वहीं, दो युवकों की हालत गंभीर है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
शामली के दो परिवारों पर बुधवार को गमों का पहाड़ टूट पड़ा। अपनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मोहल्ला खैल कलां निवासी पांचों दोस्त हरियाणा के पानीपत में किसी कार्य से गए थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि लौटते वक्त उनके साथ हादसा हो जाएगा।
ऐसे हुआ हादसा, दो दोस्तों की मौत
रामडा बाइपास पर अचानक तेज गति से जा रही कार पलटने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों के शवों को अपने साथ ले गए। कार सवार पांचों युवक दोस्त थे और अविवाहित थे।
बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ला खैल कलां निवासी फैजान (24), सलमान (25), फराज (22), अरशद (25) व सुहैब (20) आई-10 कार से पानीपत से कैराना लौट रहे थे। वहीं, नेशनल हाईवे 709 एडी स्थित रामडा बाइपास रोड मुर्गी फार्म के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। आसपास के लोगों ने बताया कि कार कई बार पलटी खाने के बाद सड़क किनारे विद्युत खंभे पर लगी और लोहे की तान से टकराकर रुकी।
इसके बाद राहगीरों ने सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फैजान व सलमान को मृत घोषित कर दिया, जबकि फराज व अरशद को हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया गया कि सुहेब मामूली रूप से घायल हुआ है। उधर, सूचना पर परिजन भी सीएचसी पहुंच गए और बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को अपने साथ ले गए। पुलिस ने बताया कि परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के मृतकों के शवों को अपने साथ ले गए।
किसी काम से पानीपत गए थे पांचों दोस्त
पांचों दोस्त कार में सवार होकर पड़ोसी राज्य हरियाणा के पानीपत में किसी कार्य से गए थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि वापस लौटते समय दोस्त बिछड़ भी जाएंगे। रास्ते में मौत ने ऐसा झपट्टा मारा कि कार पलटने से दो दोस्तों की जान चली गई। बाकी दो की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: माता-पिता मर्डर केस: घर में ठंडा पड़ा चूल्हा, सदमे में बेटी, इकलौते बेटे ने दो घंटे तक खेला था खूनी खेल
बताया गया कि मृतक सलमान के पिता मास्टर जाहिद सिलाई का काम करते हैं, जबकि सलमान पलंबर का काम करता था। सलमान के एक बड़ी बहन व एक बड़ा भाई और एक छोटा भाई है। सभी भाई बहन अविवाहित है। सलमान की मौत पर उसकी मां, बहन व भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतक फैजान के पिता इनाम पिकअप गाड़ी चलाने का काम करते है। फैजान भी गाड़ी चलाने का काम करता था। फैजान के तीन छोटे भाई व तीन छोटी बहन हैं। फैजान की मौत से परिवार में मातम पसरा है। दोनों दोस्तों की मौत से पूरा मोहल्ला शोक में डूबा हुआ है।
यह भी पढ़ें: ये कैसा खून का रिश्ता: जिगर के टुकड़े ने ही उजाड़ दिया परिवार, मां-बाप पर सांसें टूटने तक चाकू से करता रहा वार
पुलिस ने मृतकों के घर जाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की
कार पलटने से सलमान व उसके दोस्त फैजान की मौत होने पर परिजन बिना किसी कार्रवाई के शवों को अपने साथ अपने घर ले गए थे। लेकिन बाद में कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह व अन्य पुलिसकर्मी दोनों के आवास पर पहुंच कर पंचनामा भरने की कार्रवाई की।