Shamli: मोबाइल व्यापारी से मांगी गई 20 लाख की रंगदारी, न देने पर दी जान से मारने की धमकी
शामली में मोबाइल फोन की दुकान चलाने वाले व्यापारी सुमित बंसल से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। सोमवार सुबह जब सुमित ने अपनी दुकान खोली, तो अंदर एक टाइप की हुई चिट्ठी मिली जिसमें रकम का इंतजाम करने और पुलिस को जानकारी न देने की धमकी दी गई थी। चिट्ठी में यह भी लिखा था कि रकम कब और कहां देनी है, इसकी जानकारी अगली चिट्ठी में दी जाएगी।
विस्तार
शहर के प्रमुख मोबाइल फोन व्यापारी सुमित बंसल को 20 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है। व्यापारी की दुकान में सोमवार सुबह एक टाइप की हुई चिट्ठी मिली, जिसमें साफ शब्दों में लिखा गया है कि यदि रकम का इंतज़ाम नहीं किया गया और पुलिस को जानकारी दी गई, तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी सुमित बंसल अपने भाई दीपक बंसल के साथ फव्वारा चौक पर मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह जब सोमवार सुबह सुमित ने दुकान खोली, तो अंदर एक संदिग्ध चिट्ठी पड़ी मिली।
यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: 'तंत्र-मंत्र का हत्या से कोई लेनादेना नहीं', इसलिए हुआ था सौरभ का कत्ल; चार्जशीट में वजह खुली
इस चिट्ठी में लिखा था 20 लाख रुपये तैयार रखो, अगर अपनी और बच्चों की जान प्यारी है। रकम कब और कहां देनी है, ये अगली चिट्ठी में बताया जाएगा। अगर पुलिस को बताया तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना।
चिट्ठी पर किसी का नाम नहीं था, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इसे किसने लिखा है। व्यापारी सुमित बंसल ने बिना देर किए इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर सीओ सिटी अमरदीप मौर्य और कोतवाली पुलिस टीम पहुंची और दुकान की तलाशी ली। पुलिस ने घटनास्थल से चिट्ठी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाकों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही रंगदारी मांगने वाले शख्स का खुलासा कर लिया जाएगा। व्यापारी और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।