Shamli: शामली में पेट्रोल पंप लूट, स्कार्पियो सवार बदमाशों ने सेल्समैनों को बंधक बनाकर कैश लॉकर लूटा
शामली के थानाभवन क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर स्कार्पियो सवार बदमाशों ने सेल्समैनों को बंधक बनाकर कैश लॉकर लूट लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली के थानाभवन थाना क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर गांव हिंड के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात स्कार्पियो सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर सेल्समैनों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कार्यालय में रखे कैश लॉकर को खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर नकदी सहित पूरा लॉकर ही उठाकर फरार हो गए। मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
रात दो बजे पहुंचे बदमाश, हथियार दिखाकर कर्मचारियों को बनाया बंधक
पुलिस को दी गई तहरीर में शामली के वीवी इंटर कॉलेज रोड, नया बाजार निवासी हेमंत संगल ने बताया कि वह पिछले सात माह से थानाभवन क्षेत्र के हिंड गांव के निकट स्थित जियो पेट्रोल पंप पर प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
चार जुलाई की रात करीब दो बजे बिना नंबर की स्कार्पियो से कुछ बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद सेल्समैन गौरव और अनिल को अवैध हथियार दिखाकर आतंकित किया और कार्यालय में रखे कैश लॉकर को खोलने का प्रयास किया।
लॉकर नहीं खुला तो नकदी सहित उठाकर ले गए
बदमाशों ने काफी प्रयास के बावजूद लॉकर नहीं खोल पाए। इसके बाद उन्होंने तेल बिक्री की नकदी से भरा पूरा लॉकर ही उठाया और स्कार्पियो में रखकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी चित्रों को खंगालना शुरू कर दिया है। प्रबंधक की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी चित्रों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।