UP Nikay Chunav: शामली और कांधला पालिका अध्यक्ष पद अनारक्षित, कैराना पिछड़ा वर्ग के लिए
UP Nikay Chunav 2023 : शामली और कांधला पालिका अध्यक्ष पद अनारक्षित किया गया है। वहीं, कैराना पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
विस्तार
स्थानीय नगर निकाय की घोषित अनंतिम आरक्षण सूची में जिले की कैराना नगर पालिका परिषद में बदलाव किया गया है। यह अनारक्षित से बदलकर पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दी गई है। जबकि शामली और कांधला नगर पालिका को अभी भी अनारक्षित रखा गया है। इसके अलावा सात में पांच नगर पंचायतों का आरक्षण भी बदल गया है। आरक्षण सूची पर 6 अप्रैल तक आपत्ति मांगी गई हैं। जिनका निस्तारण कर अंतिम आरक्षण सूची जारी की जाएगी।
पांच दिसंबर को जारी स्थानीय निकाय की आरक्षण सूची में जिले की तीनों नगर पालिका शामली, कांधला और कैराना को अनारक्षित घोषित किया गया था। इसके अलावा नगर पंचायत एलम, थानाभवन, जलालाबाद, गढ़ीपुख्ता और झिंझाना को अनारक्षित रखा गया था। ओबीसी आरक्षण को लेकर मामला पहले हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट में चला गया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राज्य सरकार ने निकाय चुनाव में पिछड़ों का आरक्षण तय करने के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया था। आयोग ने अपनी रिपोर्ट सरकार को कई दिन पहले ही सौंप दिया था। जिसे सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दिया था। जिस सुप्रीम कोर्ट ने निकाय चुनावों को हरी झंडी दे दी थी।
बृहस्पतिवार को जारी हुई अधिसूचना में अनंतिम सूची में 10 में से 6 निकायों का आरक्षण बदल गया है। नगर पालिका में कैराना को पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। जबकि शामली और कांधला अभी भी अनारक्षित है। इसके अलावा एलम नगर पंचायत को अनारक्षित से पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। बनत नगर पंचायत को अतिपिछड़ा वर्ग से अनुसूचित जाति की महिला, ऊन को महिला से अनारक्षित, थानाभवन को अनारक्षित से पिछड़ा वर्ग महिला, गढ़ीपुख्ता को अनारक्षित से पिछड़ा वर्ग कर दिया गया है। जबकि जलालाबाद और झिंझाना नगर पंचायत को अभी भी पूर्व की भांति अनारक्षित रखा गया है।
आरक्षण बदलने से दावेदारों में मची खलबली
आरक्षण की अनंतिम सूची में कैराना नगर पालिका चेयरमैन सीट फिर से पिछड़ा वर्ग में आ गई है। 2017 के पालिका चुनाव में भी यह सीट पिछड़ा वर्ग में आरक्षित थी। पूर्व नगर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन मुस्लिम गुर्जर बिरादरी से होने के कारण पिछड़ा वर्ग में आते हैं। पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे राशिद भी पिछड़ा वर्ग में है। जबकि तीसरे नंबर पर रहे अ़ंसारी बिरादरी के शमशाद अंसारी भी पिछड़ा वर्ग से हैं। अंतरिम सूची में कैराना नगर पालिका पिछड़ा वर्ग में आरक्षित होने के चलते सामान्य बिरादरी के प्रत्याशियों को निराशा हाथ लगी। इसके अलावा एलम, थानाभवन, गढ़ीपुख्ता सीट अनारक्षित होने पर काफी संख्या में दावेदार बढ़ गए थे। लेकिन आरक्षण बदलने से इन्हें मायूसी मिली।
आरक्षण की अनंतिम सूची में हुआ बदलाव
निकाय का नाम पहले अब
शामली नगर पालिका अनारक्षित अनारक्षित
कैराना नगर पालिका अनारक्षित पिछड़ा वर्ग
कांधला नगर पालिका अनारक्षित अनारक्षित
एलम नगर पंचायत अनारक्षित पिछड़ा वर्ग
बनत नगर पंचायत अति पिछड़ा वर्ग अनुसूचित जाति की महिला
ऊन नगर पंचायत महिला अनारक्षित
थानाभवन अनारक्षित पिछड़ा वर्ग महिला
जलालाबाद अनारक्षित अनारक्षित
गढीपुख्ता अनारक्षित पिछड़ा वर्ग
झिंझाना अनारक्षित अनारक्षित