शामली। जुमे की नमाज के दौरान जिले में पुलिस अलर्ट रही। ऐहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों और धर्मस्थलों के निकट पुलिस-पीएसी बल तैनात रहा। जिलेभर में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई।
20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शामली के आजाद चौक और कैराना के ईदगाह मैदान में भीड़ ने विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि अधिकारियों की सतर्कता के चलते जिले में शांति बनी रही थी। इसके बाद से हर जुमे को नमाज के दौरान पुलिस सतर्कता बरत रही है। हर बार की तरफ इस बार भी जुमे की नमाज केे लेकर सुबह से ही पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा। शहर के संवेदनशील इलाकों आजाद चौक, दिल्ली रोड तिमरसा, कैराना रोड, फव्वारा चौक, कलंदरशाह आदि के अलावा धर्मस्थलों के निकट पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी भी गश्त करते रहे और स्थिति पर निगरानी बनाए रखी। जुमे की नमाज में मुल्क में अमन-चैन की दुआ की गई। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के किलए एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा। जिले में जुमे की नमाज के दौरान शांति बनी रही।