शामली। स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में एसपी विनीत जायसवाल ने ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर परेड द्वारा सलामी दी गई। कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को एसपी ने सम्मानित किया।
शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद सभी पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई गई। एसपी ने जनपद पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण में जनपद पुलिस द्वारा दी गई अपनी सराहनीय सेवाओं की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह काम करने की अपेक्षा की। एसपी ने कहा कि आने वाला समय और अधिक चुनौतीपूर्ण है। इसलिए सभी पूर्ण मनोयोग से अपनी सेवाएं देते रहेंगे। कार्यक्रम में फील्ड और कार्यालयों में सराहनीय सेवा देने के लिए एसपी ने एलआईयू प्रभारी सुनील त्यागी, यातायात प्रभारी भंवर सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह, कांधला थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह, झिंझाना थाना प्रभारी पीके सिंह, गढ़ीपुख्ता थानाध्यक्ष संदीप बालियान, महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी के अलावा यातायात, फायर सर्विस पुलिस कार्यालय आदि सभी शाखाओं में ड्यूटीरत कर्मचारियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। मिष्ठान वितरण और स्वतंत्रता दिवस की बधाइयों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर एएसपी राजेश श्रीवास्तव, सभी सीओ, थानाध्यक्ष, आरआई हरमीत सिंह, विभिन्न शाखाओं ओर पुलिस लाइन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद कैंप कार्यालय पर भी एसपी ने ध्वजारोहण किया।