शामली चीनी मिल पर आठ को धरना-प्रदर्शन
शामली। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को माजरा रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई, जिसमें जिले में तीनों चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आठ अगस्त को शामली चीनी मिल पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी व थाना भवन विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान-मजदूर परेशान हैं। शामली, ऊन व थाना भवन शुगर मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। मिल मालिक अपनी हठधर्मिता में से बाज नहीं आ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मिल मालिक बार-बार गन्ना भुगतान करने की बात तो कहते हैं, लेकिन किसानों को समय से उनका भुगतान नहीं मिल पा रहा है, जिस वजह से किसान समय पर बिजली का बिल, बच्चों की फीस स्कूलों में समय से नहीं भर पा रहे हैं। बीमारी का इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं। गन्ना भुगतान न मिलने से किसान काफी हताश हैं। मिलों की हठधर्मिता के खिलाफ आठ अगस्त को शामली चीनी मिल पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में चीनी मिल पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष मुकेश सैनी, अरविंद झाल, योगेंद्र चेयरमैन, ऋषिराज राझड, अनवार चौधरी, मनोज टोडा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।