Shamli: साहूकार ने मजदूर को जहरीला पदार्थ पिलाकर की हत्या, परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
Shamli News : शामली में साहूकार ने मजदूर को जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या कर दी। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में रुपयों के लेनदेन को लेकर साहूकार ने कर्जदार को जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर सीओ कैराना अमरदीप मौर्य और अन्य पुलिस मौके पर पहुंचे। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर एसएसपी अभिषेक भी गांव में पहुंचे और पीड़ित पक्ष से घटना की जानकारी ली। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी 38 वर्षीय रामवीर पुत्र दलबीर कश्यप मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। आरोप है कि उसने गांव के ही आशु पुत्र अबरार से कुछ रुपये उधार ले रखे थे। बुधवार को आशु अपने रुपयों का तकादा करने के लिए रामवीर के घर गया था।
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि उस समय तो परिजनों ने आशु को 20 हजार रुपये देकर भेज दिया था। कुछ देर बाद आशु दोबारा से रामवीर के घर आया और फिर से अपने रुपयों का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि इसी बीच आशु ने रामवीर को गिलास में जहरीला पदार्थ पिला दिया और मौके से फरार हो गया। जहरीला पदार्थ पिलाने से रामवीर की हालत बिगड़ गई।
इसके बाद पीड़ित परिजन गंभीर हालत में रामवीर को लेकर शामली के एक अस्पताल पहुंचे, जहां पर रामवीर की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष पविंद्र कुमार का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: पति ने सुहागरात की वीडियो की वायरल, देवर ने किया दुष्कर्म, पीड़िता ने पुलिस पर भी लगाया आरोप
कर्ज से तंग आकर तो नहीं किया जहरीले पदार्थ का सेवन
गांव गंगेरू निवासी रामवीर पुत्र दलवीर को जहर पिलाने की घटना किसी गले नहीं उतर रही है। ग्रामीण दबी जुबान से कह रहे हैं कि रामवीर पर एक दर्जन से भी अधिक लोगों का कर्जा था। आए दिन लोग रामवीर के घर पर अपने रुपयों का तगादा करने आते रहते थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि कर्ज से तंग आकर तो रामवीर ने जहरीले पदार्थ का सेवन नहीं किया। इसकी जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: मोहब्बत में खूनी बना प्रेमी: सोनी हत्याकांड की ऐसी कहानी, हिल गया हर किसी का दिमाग, शादी के 20 दिन बाद मर्डर