शामली: झिंझाना में छात्रों से भरी ई-रिक्शा पलटी, मची चीख-पुकार; ऊंचे-नीचे स्लैब बने हादसे की वजह
शामली के झिंझाना में स्कूली छात्रों से भरी ई-रिक्शा नाले की पुलिया पर पलट गई। दुकानदारों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिया के ऊंचे-नीचे स्लैब को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झिंझाना कस्बे के मुख्य मार्ग पर सोमवार को स्कूली छात्रों से भरी ई-रिक्शा नाले की पुलिया पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होते ही रिक्शा में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदारों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और ई-रिक्शा को सीधा किया।
गनीमत रही, किसी छात्र को चोट नहीं लगी
हादसे में किसी छात्र को चोट नहीं आई। हालांकि, ई-रिक्शा पलटने के दौरान कई छात्रों के स्कूल बैग नाले में गिर गए। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद मौके पर राहत की स्थिति बनी।
ऊंचे-नीचे स्लैब बने हादसे का कारण
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले नाले की पुलिया का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद पुलिया पर कई स्लैब ऊंचे-नीचे रखे गए और जल्दबाजी में काम पूरा कर दिया गया।
लोगों के अनुसार कुछ स्लैब आज भी उल्टे पड़े हैं। इससे पुलिया से गुजरने वाले वाहन असंतुलित होकर आए दिन हादसे का शिकार होते हैं।
अव्यवस्था के कारण पलटी ई-रिक्शा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की खराब स्थिति के कारण सोमवार को स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा भी संतुलन खो बैठी और पलट गई। हादसे में बच्चों के नाले में गिरने की आशंका से मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्लैब दुरुस्त कराने की मांग
स्थानीय निवासी तारीफ आलम, शमशाद अली, टीटू कश्यप, नौशाद राना और बिलाल सैफी समेत अन्य लोगों ने पुलिया के ऊंचे-नीचे स्लैब दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से पुलिया की स्थिति का निरीक्षण कराने और सड़क पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।