सर्दी का सितम जारी: डीएम के आदेश पर 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी, जानें- कब खुलेंगे स्कूल
Weather News : पश्चिमी यूपी में ठंड का कहर जारी है। शामली में डीएम ने ठंड को देखते हुए जिले के सभी 12वीं तक के स्कूलों में चार जनवरी तक छुट्टी के आदेश दिए हैं।
विस्तार
शामली में शीतलहर और कड़ाके की सर्दी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी कक्षा 12 तक के विद्यालयों में दो से लेकर चार जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। शामली के डीआईओएस जेएस शाक्य ने कहा कि जो भी स्कूल संचालक आदेश का उल्लंघन करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। छात्रों के हित को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
साल के पहले दिन सूर्यदेव के नहीं हुए दर्शन, पारा 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
साल 2024 के पहले ही दिन सोमवार को शीतलहर के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। शामली में पूरे दिन धूप नहीं निकलने से मौसम में ठिठुरन बनी रही। शीतलहर चलने से लोगों में कंपकंपी बनी रही। जिले के रात और दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 17, जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस था।
जिले में लगातार तीसरे दिन भी धूप नहीं निकली और हालांकि, कोहरा सिर्फ सुबह के समय था। इसके बाद मौसम साफ हो गया था। मगर दिनभर धूप नहीं निकल सकी। साल के पहले ही दिन शीतलहर के कारण ठिठुरन बनी रही। जिसके कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। सूर्यदेव बादलों में छिपे रहने की वजह से पूरे दिन धूप नहीं निकली। लोगों की दिनभर कंपकंपी छूटती रही।
यह भी पढ़ें: Strike: ट्रक चालकों ने रोडवेज बसों का चक्का जाम किया, नए साल के पहले दिन बसें नहीं चलने से यात्री हुए परेशान
लोग जगह-जगह पर अलाव तापकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते रहे, लेकिन शीतलहर चलने से ठंड का असर कम नहीं हुआ। उधर, अस्पतालों में भी सांस और दिल के रोगियों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा ने कोहरे में सांस रोगियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा कि ठंड और कोहरे का मौसम दिल और श्वास के रोगियों के लिए खतरनाक रहता है। उन्हें घर से बाहर निकलने से भी बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: सदन में मारपीट का मामला: पार्षद आशीष से मिलने जाहिदपुर पहुंचे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, बोले घटना असहनीय