कैराना। बरसात से पहले नाले की सफाई न होने के कारण फैक्टरियों से निकलने वाला गंदा पानी अलीपुर गांव के श्मशान घाट और ग्रामीणों के घरों में घुस गया। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से पानी की निकासी कराने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
बुधवार को गांव अलीपुर निवासी ग्रामीणों ने एसडीएम उद्भव त्रिपाठी को एक शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि कंडेला इंडस्ट्रियल एरिये की फैक्टरियों का गंदा पानी नाले के द्वारा जो जहानपुरा होता हुआ मामौर झील में जाता है, लेकिन बरसात से पहले नाले की सफाई न होने के कारण फैक्टरियों का गंदा पानी गांव अलीपुर के श्मशान घाट व ग्रामीणों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को श्मशान घाट में दाह संस्कार करने में काफी परेशानी हो रही है। गांव में किसी की मृत्यु हो जाने पर खेतों में ही अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। गांव में गंदा पानी घुसने की वजह से बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से श्मशान घाट में घुसे गंदे पानी को निकलवाने की मांग की है। इस दौरान सीटू चौहान, रामधन, अंकित, सुरेंद्र कृष्णपाल, रामनिवास, लिल्ला उर्फ ललित व टीकाराम आदि मौजूद रहे।

कैराना के गांव अलीपुर में शमशान घाट में भरा फैक्ट्रियो का गंदा पानी- फोटो : SHAMLI