शामली। कोरोना बढ़ने से श्रद्धालु श्रीदुर्गा नवरात्र में मंदिरों में आने से बच रहे हैं। ज्यादातर श्रद्धालु श्री दुर्गा नवरात्र में घरों में ही पूजा अनुष्ठान कर रहे हैं। तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां चंद्र घंटा की विशेेष पूजा-अर्चना के साथ व्रत रखा और घर-परिवार की सुख-समृद्धि की मनोकामनाएं मांगी।
बृहस्पतिवार को श्री दुर्गा नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्र घंटा की विशेेष पूजा-अर्चना व्रत रखा। घर-परिवार की सुख शांति और समृद्धि की मनोकामनाएं मांगी। श्रद्धालुओं ने सर्वदेवता पूजन, श्री दुर्गा स्त्रोत, श्रीदुर्गा सप्तशती पाठ किया। श्रीदुर्गा चालीसा के बाद आरती के बाद पूजा अर्चना के दौरान घर परिवार की सुख शांति और समृद्धि और कोरोना खात्मा की कामना की। शहर के श्रीहनुमानधाम, कैराना रोड गुलजारी वाला शिव मंदिर, बुढ़ाना रोड स्थित बलभद्र मंदिर, करनाल रोड और पुरानी सब्जी मंडी स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर, टंकी रोड माता वैष्णो देवी मंदिर, मोहल्ला राजो में श्रीबाला सुंदरी मंदिर, भाकूवाला मंदिर, मोहल्ला रेलपार में मां दुर्गा शिव मंदिर में सुबह के समय पिछले सालों की अपेक्षा कम श्रद्धालु पहुंचे। श्री हनुमान धाम के प्रधान सलील द्विवेदी ने बताया कि श्री दुर्गा नवरात्र व्रत में कोरोना का संक्रमण बढ़ने से ज्यादातर श्रद्धालु मंदिरों में आने से बच रहे हैं। ज्यादातर श्रद्धालु अपने घरों में पूजा अनुष्ठान कर रहे हैं। मंदिर में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।