शोभायात्रा की अनुमति नहीं, दलितों में आक्रोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बृहस्पतिवार को गुरु रविदास मंदिर एवं डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सेवा समिति के पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी सुजीत कुमार से मुलाकात कर 14 अप्रैल (आज) कस्बा थानाभवन में अंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा निकालने के लिए प्रशासनिक अनुमति मांगने के लिए आवेदन पत्र दिया। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम शामली को पत्र भेजकर आख्या मांगी। एसडीएम शामली एमपी सिंह ने थानाभवन थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि जांच करके आख्या भेजी जाए। इस पर थानाभवन पुलिस ने एसडीएम को भेजे रिपोर्ट में अवगत कराया कि ऐसा कोई आयोजन पूर्व में कस्बा थानाभवन में नहीं हुआ है, जिस कारण इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती है। इसकी जानकारी होने पर अनुमति मांगने वालों में नाराजगी फैल गई। समिति से जुड़े अजित कुमार, रवि, लोकेश, अर्जुन, प्रवीण, अमरपाल, धर्म सिंह आदि का कहना है कि पुलिस प्रशासन जानबूझकर अनुमति नहीं दे रहा है, जबकि पूर्व के वर्षों में शोभायात्रा निकलती रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शुक्रवार (आज) कस्बा में अंबेडकर मार्केट में प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा और दलित समाज के लोग धर्म परिवर्तन के लिए भी मजबूर हो सकते हैं।
संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शोभायात्रा निकाली जाती हैं, अनुमति न देकर पुलिस प्रशासन दलितों की भावना को ठेस पहुंचा रहा है। अकेले थानाभवन नहीं, बल्कि ताना और सोहजनी उमरपुर गांव में भी शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने उन्हें भी अनुमति नहीं दी। बहुजन समाज पार्टी समाज के लोगों के साथ है और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।
-- अरविंद कुमार गौतम, बसपा जिलाध्यक्ष
जिलाधिकारी के माध्यम से शोभायात्रा निकालने के संबंध में अनुमति मांगने का पत्र मिला था, जिस पर पुलिस को जांच कर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। पारंपरिक कार्यक्रमों के अलावा नए आयोजनों को अनुमति नहीं मिलती है, जिसके संबंध में सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन भी है। -- एमपी सिंह, उपजिलाधिकारी शामली