UP: ISI एजेंट तहसीम को लेकर एक और बड़ा खुलासा, NIA ने किया गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं गहरे राज
Shamli News : शामली निवासी आईएसआई एजेंट तहसीम को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। एनआईए की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
करीब तीन माह पूर्व आईएसआई गतिविधियों में लिप्त रहे शामली निवासी तहसीम उर्फ मोटा को एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह लखनऊ जेल में बंद है। अब एनआईए ने तहसीम की ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तारी की है। इसके बाद से एक बार फिर शामली आईएसआई गतिविधियों को लेकर चर्चाओं में आ गया है।
शहर के मोहल्ला नौकुआं रोड बर्फ वाली गली निवासी कलीम को 17 अगस्त को एसटीएफ ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई एजेंट के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में एसटीएफ के निरीक्षक प्रशांत कपिल की तरफ से शहर कोतवाली में कलीम, उसके भाई तहसीम उर्फ मोटा और सहारनपुर निवासी युसूफ उर्फ समशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसटीएफ ने उस समय बताया था कि जांच में कलीम का भाई तहसीम भी आईएसआई के संपर्क में है। व्हाट्सएप पर भारत के सैन्य क्षेत्रों और अन्य स्थानों के फोटो भी भेजे थे। एसटीएफ की जांच में सामने आया था कि सहारनपुर का रहने वाला युसुफ भी दोनों भाइयों के संपर्क में रहकर फर्जी सिम उपलब्ध करा रहा था।
एसटीएफ ने दावा किया था कि कलीम पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट दिलशाद मिर्जा के संपर्क में था। करीब तीन माह पहले जनवरी में एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे कलीम के भाई तहसीम को जिला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। वह लखनऊ जेल में बंद है।
यह भी पढ़ें: Mayawati Rally: हाजी याकूब ने मायावती को भेंट किया सोने का मुकुट, नारों से गूंज उठा मैदान, देखें तस्वीरें
वहीं, मंगलवार को एनआईए ने पंजाब में ड्रग्स तस्करी के पुराने मामले में तहसीम उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया जाना बताया है। एनआईए द्वारा तहसीम की गिरफ्तारी के बाद शामली एक बार फिर ड्रग्स तस्करी व आईएसआई गतिविधियों को लेकर चर्चा में आ गई है। तहसीम नकली नोट प्रकरण में भी शामिल रहा था। कांधला के नफीस के साथ मिलकर वह शामली और आसपास के जिलों में नकली नोटों की सप्लाई करता था। एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक तहसीम उर्फ मोटा को दिल्ली जेल में शिफ्ट किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: UP: इकरा हसन को बताया पाकिस्तानी, फेसबुक पर फोटो के साथ की टिप्पणी, खूब वायरल हो रहा मामला, कार्रवाई की मांग