शामली। ऋषिकेश में दुर्घटना में स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या आशु त्यागी की मौत के बाद बुधवार को उनके पैतृक गांव में पार्थिव शरीर का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। जनपद से परिजनों को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक गांव पहुंचे।
सोमवार को ऋषिकेश के कुंजापुरी मंदिर के दर्शन करने गए लिए श्रद्धालुओं का एक जत्था गया था। इस जत्थे में शामली के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या और सहारनपुर जनपद के गांव घलौली निवासी आशु त्यागी पत्नी प्रदीप कुमार भी शामिल थीं। सोमवार की सुबह ऋषिकेश के सदानंद आश्रम से कुंजापुरी मंदिर के लिए श्रद्धालुओं से भरी बस रवाना हुई थी। इस बस में 29 श्रद्धालु थे। मंदिर में दर्शन के पश्चात यह सभी लोग वापस लौट रहे थे। इस दौरान जनपद टिहरी गढ़वाल के सिद्ध पीठ कुंजापुरी के समीप श्रद्धालुओं से भरी बस 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में पांच श्रद्धालुओं समेत स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या आशु त्यागी की मौत हो गई थी। बुधवार को प्रधानाचार्या आशु त्यागी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव घलौली लाया गया, जहां पर गमगीन माहौल में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए लोग उनके पैतृक गांव पहुंचे। उधर, शहर के लोगों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और शोक जताया।