शामली। अग्निवीर योजना को रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को शहर के एसटी तिराहा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा के समक्ष जिलाध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में अनशन पर बैठे। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर बृजेश सिंह को सौंपा।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सेना में ठेकेदारी प्रथा लागू करना चाहती है। केंद्र सरकार बिना किसी व्यापक परामर्श के गलत नीति थोपने में लगी है। इस योजना से तमाम युवा वर्ग नाराज है। यह योजना नौजवानों और देश हित में नहीं है। केंद्र सरकार को अग्निपथ योजना को तत्काल वापस लेना चाहिए। जिससे युवाओं का मनोबल टूटने से बचाया जा सके। अनशन पर बैठने वालों में शामली से विधानसभा प्रत्याशी रहे अय्यूब जंग, अश्वनी शर्मा, राजेश कश्यप, प्रवीण तरार, निर्भय सिंह, अखलाक, प्रवेश मलिक, गय्यूर, चांद मियां, अरविंद झंझोट आदि मौजूद रहे। संवाद