UP: प्रेमिका और उसके पति पर मुकदमा दर्ज, घर के अंदर मिली थी लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं खुला मौत का राज
Shamli News : शामली में प्रेमिका के घर युवक की लाश मिलने के मामले में महिला और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का राज नहीं खुला।
विस्तार
शामली के कैराना में एक दिन पहले गांव मवी में प्रेमिका के घर पर 30 वर्षीय ट्रक चालक का शव मिला था। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। वहीं, पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर प्रेमिका और उसके पति के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव मवी में एक दिन पूर्व सुशील उर्फ टीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में जमीन पर पड़ा मिला था। प्रेमिका ने पुलिस को बताया था कि मृतक सुशील के साथ उसका झगड़ा हो गया था। इसके बाद सुशील ने दूसरे कमरे में जाकर दुपट्टे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
सूचना पर एडिशनल एसपी संतोष कुमार ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली थी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के पिता कर्मवीर ने मनीषा और उसके पति सोमवीर पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। कहा कि बेटे को घर पर बुलाकर हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें: BJP का नया दांव: इन दो सीट से नए चेहरों को मैदान में उतारने की योजना, मेरठ से अरुण गोविल की दावेदारी पक्की
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ, जिसके चलते विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में मृतक के पिता कर्मवीर की तहरीर के आधार पर सोमवीर व उसकी पत्नी मनीषा के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या क्यों की गई, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा