कल बुटराड़ा में किसानों से पहुंचने का आह्वान
शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की भूमि अधिग्रहण के विरोध में 21 जुलाई को होने वाले धरना-प्रर्दशन को सफल बनाने के लिए कई गांवों में जनसंपर्क अभियान किया गया। किसानों से 21 जुलाई को बुटराड़ा में धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया गया।
मंगलवार को लांक गांव में चौधरी श्याम सिंह के घेर में एक दिल्ली- देहरादून इकोनॉमिक कोरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसान संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में 21 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरने को लेकर चर्चा की गई। समिति के सचिव विदेश मलिक ने कहा कि बड़ी संख्या में धरने में ग्रामीण पहुंचेंगे। धरना-स्थल पर भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। दिन-रात लगातार धरना चलेगा। समस्याओं का हल होने तक किसान धरने पर डटे रहेंगे। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष ठाकुर वीर सिंह ने की। इसके बाद ग्राम भाजू, भिक्का माजरा, खानपुर, करौदा हाथी आदि गांव में भी जनसंपर्क किया। इस दौरान योगेंद्र प्रधान, सहदेव, हाजी तुफैल, रामवीर सिंह, वीरपाल आदि लोग उपस्थित रहे।