Amar Ujala Exclusive: पुलिस के इस सिस्टम से हर कोई दंग, थानों में दर्ज FIR दे रहीं गवाही, चौंका देंगे ये मामले
Amar Ujala Exclusive : अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की तो शामली पुलिस के चौंकाने वाले मामले में सामने आए। जिले में अलग-अलग थानों से सामने आए इन सात मामलों के बारे में जानकर हर कोई हैरान है।
विस्तार
इसे महज एक इत्तेफाक कहा जाएगा या फिर कुछ और कि शामली पुलिस ने अधिकांश मामलों की दर्ज एफआईआर में आरोपियों के दाहिनी जेब अथवा हाथ में से ही सट्टे के रुपये, चरस, मोबाइल, शराब आदि बरामद की है। माना जा रहा है कि पुलिस के पास एफआईआर का प्रारूप पहले से ही कंप्यूटर में फीड होता है, जिसके कारण अधिकतर दाहिने हाथ से ही आरोपी से बरामदगी दिखाई जाती है। हालांकि, एसपी ने इससे इनकार किया। कहा कि जहां से भी बरामदगी होती है, वहीं से दिखाई जाती है। फिर भी दर्ज एफआईआर का आंकलन किया जाएगा। जांच कराई जाएगी।
आरोपियों के दाहिने हाथ से बरामदगी के मामलों की बानगी...
केस-1
चार नवंबर को सूचना पर पुलिस ने हसनपुर में एक युवक को पकड़ा। उसने अपना नाम सुखमाल निवासी हसनपुर बताया। पुलिस ने दर्ज एफआईआर में आरोपी से दाहिने हाथ में पकड़े गए सफेद प्लास्टिक के थैले से 34 शराब के पव्वे और कुर्ते की दाहिनी जेब से 520 रुपये बरामद किए गए।
केस-2
दो नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खानकलां के पास से युवक को पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम सूरजमल निवासी खेड़ा जुनारदार बताया। दर्ज एफआईआर में पुलिस ने आरोपी के दाहिने हाथ में ली प्लास्टिक की कैन से 20 लीटर तरल पदार्थ बरामद किया। लोवर की दाहिनी जेब से एक काली पॉलिथीन में करीब 300 ग्राम यूरिया बरामद किया गया।
केस-3
एक नवंबर को पुलिस सुंदरनगर होते हुए भड़ी भरतपुरी की ओर जा रही थी। सुंदरनगर से बाहर बाग के पास पुलिस ने तीन युवक जिजौला निवासी मारुफ, मुरसलीम और सनव्वर को पकड़ा। मारुफ की दाहिनी जेब से 70 ग्राम चरस, मुरसलीम और अन्य की जेब से 15 ग्राम स्मैक बरामद की गई। तीनों का चालान कर दिया गया।
केस-4
कांधला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कैराना रोड पर छापामारी की। पकड़े गए आरोपी ने खुद का नाम नौशाद बताया। नौशाद की दाहिनी जेब से 100 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा भारी मात्रा में पटाखों का स्टाक बरामद किया गया।
केस -5
पुलिस ने कैराना में नवाब तालाब के पास सट्टेबाज इस्लाम को पकड़ा। आरोपी के दाहिने हाथ से पैन और कुर्ते की दाहिनी जेब से 460 रुपये बरामद किए गए।
केस-6
कैराना पुलिस ने ईदगाह के सामने से एक युवक को पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपी बुढ़ाना का मुरसलीम निकला। जिसके दाहिनी हाथ में ली हुई काले रंग की पॉलिथीन से करीब 410 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
केस 7
15 अक्तूबर को पुलिस ने झिंझाना, अहमदगढ़ पुलिस चौकी के सामने चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा। जिसकी दाहिनी जेब से मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी ने वाहन चालकों को व्हाट्सएप ग्रुप पर लोकेशन शेयर करने का खुलासा किया।
पिछले दो माह में इस तरह के 23 से अधिक एफआईआर जिले भर में दर्ज हो चुकी है, जिनमें दाहिनी हाथ या फिर जेब से ही सामान, मादक पदार्थ की बरामदगी दिखाई गई है।
कई बार प्रारूप नहीं बदलने के कारण आती है परेशानी
रिटायर्ड आईपीएस वीके शेखर का कहना है कि पुलिस आरोपियों को तो सही पकड़ती है। मगर कई बार देखते में आता है कि कुछ थानों पर एफआईआर का प्रारूप कंप्यूटर में फीड होता है। नई एफआईआर लिखने से बचने के लिए पुलिसकर्मी कई बार पुरानी दर्ज एफआईआर में ही नाम आदि संशोधित कर देते हैं, जिसके कारण कई बार इस तरह की परेशानी आड़े आती है।
यह भी पढ़ें: Meerut Murder: चचेरे भाई की गोली मारकर की हत्या, दोनों साथ में बैठकर पी रहे थे शराब, वारदात के बाद आरोपी फरार
आरोपी के पास से जिस भी स्थान से रुपये, शराब या फिर नशीला पदार्थ बरामद होता है, उसी के आधार पर एफआईआर में ब्योरा दर्ज किया जाता है। फिर भी यदि अधिकतर एफआईआर में सामान या फिर रुपये बरामद होना एक ही जेब से दर्शाया जा रहा है तो जांच कराई जाएगी। थाना प्रभारियों को भी इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा। - अभिषेक, एसपी शामली
यह भी पढ़ें: इस गिरोह ने उड़ाए होश: एक करोड़ के मोबाइल देख अफसर भी हैरान, इन राज्यों में फैला नेटवर्क, चार शातिर गिरफ्तार