Accident In Shamli: कैराना में बस से गिरकर बीए की छात्रा ईशा की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कैराना में विजय सिंह पथिक महाविद्यालय के सामने बस से उतरते समय शामली की 21 वर्षीय बीए फर्स्ट ईयर छात्रा ईशा गिर गई और गंभीर घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
कैराना। शामली के मोहल्ला बनखंडी बूढ़ा बाबू निवासी ईशा (21) की मौत बुधवार को हुई। ईशा विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा थी।
सुबह करीब 11:30 बजे ईशा प्राइवेट बस द्वारा कैराना महाविद्यालय पढ़ने जा रही थी। महाविद्यालय के सामने बस से उतरते समय बस की हल्की गति के कारण वह गिर गई। गिरने से उसका सिर सड़क पर लग गया और वह बेहोश हो गई।
उधर से गुजर रही कोतवाली पुलिस की गाड़ी ने घायल ईशा को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रयास किया, लेकिन छात्रा को बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें: MSME for Bharat Conclave: सहारनपुर में वुडन-हैंडीक्राफ्ट-हौजरी समेत विभिन्न उद्योगों के विकास पर मंथन शुरू
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। छात्रा के पास मिला आई कार्ड देखकर पुलिस ने शामली में उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचकर रोते-बिलखते ईशा के शव को देखा।
ईशा अपने परिवार में चार बहनों में सबसे छोटी थी। पिता विनोद की तीन साल पहले मृत्यु हो गई थी। मां राजबाला मजदूरी कर अपनी बेटियों को पढ़ा रही हैं।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।