Shahjahanpur: पिता के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बेटे की मौत, गर्रा पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मोहल्ला अजीजंज निवासी युवक की गर्रा पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आकर कुचलने से मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ बाइक से दूध देने रोजा जा रहा था।
विस्तार
शाहजहांपुर में दूध की बिक्री करने रोजा जा रहे चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज निवासी संजय राठौर के पुत्र सूरज राठौर (18) की ट्रॉली के पहिये के नीचे आकर मौत हो गई। संजय बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है।
कपड़े की फेरी लगाने वाले संजय दूध की बिक्री करते थे। उन्होंने घर में भैंसे भी पाल रखी हैं। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे संजय अपने पुत्र सूरज के साथ दूध बेचने रोजा जा रहे थे। बाइक संजय चला रहे थे। गर्रा पुल के पास सामने से चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के लिए उन्होंने हॉर्न बजाया।
ब्रेक लगाने पर फिसली बाइक
संजय के अनुसार, हार्न को सुनकर अचानक से चालक ने ट्रैक्टर को दूसरी ओर काट दिया। संजय ने ब्रेक लगाएं तो बाइक फिसल गई और सूरज ट्रॉली के पहिये के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि संजय बाल-बाल बच गए।
इसके बाद सूरज को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सूरज की मौत से उसकी मां सोनी व दो भाई चंदन और अनुराग का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बहन अंजलि की शादी हो चुकी है।