{"_id":"604266fa8ebc3e76a43ddcdd","slug":"women-filled-rape-case-after-27-years-when-son-ask-about-father","type":"story","status":"publish","title_hn":"27 साल बाद बेटे ने पूछा बाप का नाम तो मां ने दर्ज कराई दुष्कर्म की रिपोर्ट, महिला की मांग, आरोपियों का हो डीएनए टेस्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
27 साल बाद बेटे ने पूछा बाप का नाम तो मां ने दर्ज कराई दुष्कर्म की रिपोर्ट, महिला की मांग, आरोपियों का हो डीएनए टेस्ट
Fri, 05 Mar 2021 10:44 PM IST
सुशील कुमार कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
Published by: सुशील कुमार कुमार
Updated Fri, 05 Mar 2021 10:44 PM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों द्वारा किशोरावस्था में दुष्कर्म के बाद बेटे को जन्म देने वाली महिला से जब पुत्र ने पिता का नाम पूछा तो मां ने 27 साल बाद एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है। महिला ने आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना 1994 में सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में घटी थी। यहां पर एक 12 वर्षीय लड़की अपने रिश्तेदार के पास रहती थी। उसके रिश्तेदार पति-पत्नी नौकरी के लिए सुबह घर से निकल जाते थे। लड़की को अकेला पाकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसके घर में घुस आया और उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। कुछ दिन बाद आरोपी युवक का सगा भाई भी घर में जबरन घुस आया और उसने भी दुष्कर्म किया। दोनों भाई एक साल तक लड़की से दुष्कर्म करते रहे। अगले वर्ष उसको गर्भ ठहर गया।
विज्ञापन
दुष्कर्म के बाद दिया था बेटे को जन्म
यह बात रिश्तेदारों को पता चली तो वे सन्न रह गए। उन्होंने आरोपियों के घर जाकर शिकायत की तो उन्होंने डराया और जान से मारने की धमकी दी। बदनामी के डर से वे चुप हो गए। रिश्तेदार पति-पत्नी का दूसरे जिले में स्थानांतरण हो गया। किशोरी भी रिश्तेदारों के साथ चली गई और वहां पर उसने एक बेटे को जन्म दिया। रिश्तेदारों ने बेटे को गैर जिले में रहने वाले एक दंपती को दे दिया। कुछ साल बाद किशोरी जब शादी लायक हुई तो उसकी शादी एक अन्य जिले में रहने वाले युवक से कर दी गई।
विज्ञापन
अतीत का पता चलने पर पति ने छोड़ दिया महिला को
शादी के बाद महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। शादी के कुछ साल बाद उसके पति को महिला के साथ अतीत में हुए घटनाक्रम का पता चला तो उसने महिला को छोड़ दिया। महिला कई साल से अलग रह रही है। दुष्कर्म के बाद पैदा हुए बेटे ने अपने अभिभावकों से अपने माता-पिता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बेटे को मां के बारे में बता दिया। बेटा मां के पास आया और उससे अपने पिता के बारे में पूछा। महिला ने बेटे के पिता के बारे में जानने और बेटे को उसका हक दिलाने के लिए कोर्ट की शरण ली।
कोर्ट ने दिए एफआईआर दर्ज करने के आदेश
कोर्ट ने सदर बाजार थाने को मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। सदर बाजार थाने में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला काफी पुराना होने के कारण पुलिस आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराएगी। अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।