शाहजहांपुर में हादसा: ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं की कार, जा रहे थे मनौना धाम, व्यापारी की पत्नी की मौत; छह घायल
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हाईवे पर ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे ट्रक से कार टकरा गई। इस हादसे में कार सवार व्यापारी की पत्नी की मौत हो गई। व्यापारी समेत छह लोग घायल हुए हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से ट्रक चालक द्वारा ओवरटेक करने पर कार ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। कपड़ा व्यापारी समेत छह लोग घायल हुए हैं। हादसा शुक्रवार तड़के करीब चार बजे हुआ। कार सवार लोग बरेली के आंवला स्थित मनौना धाम जा रहे थे।
ट्रक चालक कर रहा था ओवरटेक करने का प्रयास
कार को मऊ के मधुवन थाना क्षेत्र के गांव दुबारी का रहने वाला अंकित यादव चला रहा था। ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे ट्रक से कार की टक्कर हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। दुर्घटना में संगीता की मौके पर मौत हो गई। शेष कार सवार घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां सभी का उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: सिर के पीछे चोट लगने से हुई थी सिपाही की मौत, हत्या या हादसा... पुलिस जांच से खुलेगा राज