Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Wife murdered by strangulation with a wire; attempt also made to kill daughter

Shahjahanpur News: तार से गला घोंटकर पत्नी की हत्या, बेटी को भी मारने की कोशिश

Wed, 11 Nov 2026 01:40 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Wed, 11 Nov 2026 01:40 AM IST
विज्ञापन
Wife murdered by strangulation with a wire; attempt also made to kill daughter
मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी की देखभाल करती उसकी बुआ। संवाद
रोजा (शाहजहांपुर)। आदर्श नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात इलेक्ट्रीशियन कमलेश ने बिजली के तार से गला घोंटकर अपनी पत्नी सीमा की हत्या कर दी।
विज्ञापन

चीख-पुकार सुनकर दौड़ी 12 वर्षीय बेटी का भी गला दबाकर उसे मारने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को राजकीय मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, कमलेश ने शराब के नशे व आवेश में यह वारदात की और वह खुद भी जान देना चाह रहा था। इस मामले में मृतका के भाई रामकिशन की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।

16 वर्षीय बड़ी बेटी कोमल के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब एक बजे बरामदे में सो रहा पिता कमलेश अचानक जागा और मां सीमा (40) से किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कमलेश ने आपा खो दिया और पास पड़े बिजली के तार से सीमा का गला घोंटने लगा।
विज्ञापन


मां की चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय छोटी बेटी अंजलि उर्फ नैंसी कमरे से बाहर आई। कमलेश ने उसे भी पकड़ लिया और उसी तार से उसका भी गला कसने लगा। इसी दौरान शोर सुनकर बड़ी बेटी कोमल भी बाहर आ गई। पिता का खूंखार रूप देखकर वह दहशत में आ गई और अपनी जान बचाने के लिए उसने तुरंत खुद को कमरे में बंद कर लिया। कोमल ने कमरे के अंदर से ही फोन कर नीचे रह रहे चाचा राजीव को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

राजीव दूसरी मंजिल पर पहुंचे, जहां दरवाजा बंद होने पर बरामदे की दीवार फांदकर अंदर गए। वहां सीमा और अंजलि दोनों फर्श पर बेसुध पड़ी थीं। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद कमलेश खुद को भी नुकसान पहुंचाकर जान देने की कोशिश कर रहा था। राजीव ने उसे किसी तरह काबू में किया, कमरे का दरवाजा खोलकर कोमल को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर उमेश कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी कमलेश को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल सीमा और अंजलि को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सीमा को मृत घोषित कर दिया। अंजलि की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कमलेश की घर के सामने ही बिजली उपकरणों की दुकान है। वह अपने परिवार के साथ दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में रहता है, जबकि भूतल पर उसके माता-पिता और छोटा भाई राजीव रहते हैं। संवाद

--

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात अत्यधिक शराब के नशे और अचानक उपजे आवेश में की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। -देवेंद्र कुमार, एसपी सिटी
--
आर्थिक तंगी ने छीना मानसिक संतुलन, सिर पर खून सवार होते ही उजाड़ी अपनी दुनिया
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में सहारा इंडिया कंपनी के एजेंट कमलेश गुप्ता ने कर्ज के चलते आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव में आकर अपनी दुनिया उजाड़ दी। पत्नी सीमा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद अपनी दो मासूम बेटियों की जान लेने की कोशिश की। अचानक भाई के पहुंचने से बेटियों की जान बच गई। शाम को पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी ने पत्नी के शव को मुखाग्नि दी।
आरोपी के भाई राजीव ने पुलिस को बताया कि कमलेश सहारा इंडिया कंपनी में अपनी जान पहचान के लोगों का रुपया निवेश कराता था। कई साल पहले जब कंपनी अचानक बंद हो गई, तो लोगों की राशि फंस गई। इसके बाद निवेशकों ने कमलेश पर रुपया वापसी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने कई लोगों का रुपया वापस भी किया। जिनके रुपये नहीं मिले वह उससे लगातार तकाजा करते रहे।

भाई की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी, जिससे वह लोगों का रुपया दे सकता। ऐसे में उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। उसी के चलते आवेश में आकर उसने पत्नी की हत्या कर दी।


--पापा ने पानी देने के बहाने बुलाया था बहन को

पुलिस की पूछताछ में कोमल ने बताया कि वह छोटी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। मम्मी-पापा बरामदे में सो रहे थे। सोमवार रात पापा ने दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा तो छोटी बहन नैंसी उर्फ अंजली पानी देने गई। पापा ने अंजली को पकड़कर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और तार से अंजली का गला दबाने लगे। डर के कारण कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर बाबा को फोन किया। इसके बाद चाचा को फोन किया। तब चाचा ने दीवार के सहारे अंदर आकर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।


--पिता बोले-निजी अस्पताल में कराया था कमलेश का उपचार

बुजुर्ग पिता रमेश चंद्र ने रोते हुए बताया कि एक साल पहले बेटे का मानसिक संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया था। एक निजी अस्पताल से उसका इलाज भी कराया गया। वर्तमान में भी उसकी पुरानी जैसी स्थिति हो जाती थी। कुछ महीने पहले उसने घर में हिस्से को लेकर झगड़ा भी किया था। तीन महीनों से वह बिल्कुल शांत था, किसी को भनक नहीं थी कि उसके दिमाग में इतना बड़ा तूफान चल रहा है।


--मृतका के भाई ने कहा-पत्नी को बहन ने नहीं बताई थी कोई परेशानी

मृतका सीमा के भाई अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार शाम को ही उनकी पत्नी प्रियंका की सीमा से बात हुई थी, लेकिन उसने कोई परेशानी नहीं बताई। बहन हर सोमवार को व्रत रखती थी, लेकिन रात करीब तीन बजे अचानक एक अज्ञात महिला का फोन आया और उसने जल्दी घर आने के लिए कहा। इसके तुरंत बाद भांजी कोमल ने रोते हुए फोन किया। चीखते हुए बोली-पापा ने मम्मी को गला दबाकर मार दिया है।


--कमलेश ने कहा-बेटी ने चाचा को फोन कर बड़ी वारदात होने से बचा दिया

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी कमलेश गुप्ता ने बताया कि वह सिर्फ पत्नी सीमा को ही नहीं, बल्कि अपनी दोनों बेटियों को भी मारने के बाद खुदकुशी करने वाला था। वह पूरे परिवार को खत्म करना चाहता था लेकिन कोमल ने अपने चाचा राजीव को फोन कर बड़ी घटना होने से बचा दी।


--अनाथ हुईं मासूम बहनें

घटना ने पंडित शिवधार कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ने वाली कोमल और कक्षा सात की छात्रा नैंसी के सिर से मां का साया छीन लिया और पिता को जेल पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हरिद्वार से पहुंचे भाई रामकिशन, रामदिनेश, बंडा से आए भाई संतोष और अशोक के अलावा बड़ी बहन अनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।


--बुआ कर रही भतीजी की देखभाल

राजकीय मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी उर्फ अंजलि की देखभाल कर रही उसकी बुआ पूजा और कीर्ति खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। भाभी को हमेशा के लिए खोने और भतीजी को मौत के मुंह में देखने के दर्द से टूटी बुआ ने रोते हुए बताया कि घर में कभी कोई बड़ा विवाद या मनमुटाव नहीं हुआ था।


--भाई का दहेज हत्या का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
बंडा थाना क्षेत्र के बृजपालनगर निवासी मृतका सीमा के भाई रामकिशन ने मंगलवार की शाम रोजा थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि शादी के बाद से बहन सीमा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार को सीमा ने फोन पर बताया था कि उनके पति, ससुर और देवर लगातार रुपयों की मांग कर रहे हैं। धनतेरस पर उससे मारपीट की गई। ससुराल वाले उन्हें और बेटियों को जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। जिस पर रामकिशन ने भाईदूज पर आने की बात कही थी। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे भांजी कोमल ने फोन कर बताया कि पापा, बाबा, चाचा और चाची मिलकर मां को मार रहे हैं और उनका गला दबा रहे हैं। बहन नैंसी का भी गला दबाया है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि आरोप के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जाएगी।
--
मानसिक चिकित्सक की राय



हिंसा के किसी भी संकेत को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी



मानसिक रोग चिकित्सक अभिनव रस्तोगी ने बताया कि आर्थिक परेशानी या मानसिक तनाव किसी भी तरह की हिंसा अथवा हत्या का औचित्य नहीं हो सकता। हर हिंसक व्यक्ति मानसिक रोगी नहीं होता और हर मानसिक रोगी हिंसक नहीं होता। इस घटना का सबसे गंभीर पहलू उन दो बच्चियों पर पड़ा मानसिक आघात है। ऐसी घटनाओं को प्रत्यक्ष देखने वाले बच्चों में लंबे समय तक भय, असुरक्षा, नींद की समस्या हो सकती है। उन्हें तत्काल सुरक्षा के साथ मनोवैज्ञानिक सहयोग देना बेहद जरूरी है।



उन्होंने कहा कि समाज को आर्थिक संकट, नशे की समस्या, घरेलू हिंसा और गंभीर भावनात्मक तनाव के शुरुआती संकेतों को पहचानना होगा। समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर मदद लेना और हिंसा के किसी भी संकेत को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी है।

--
सीमा की मौत के मामले में चश्मदीद मृतका की दोनों बेटियों के बयान दर्ज किए गए हैं। अब तक की जांच में आर्थिक तंगी का मामला सामने आया है।

- सौरभ दीक्षित, एसपी

मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी की देखभाल करती उसकी बुआ। संवाद

मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी की देखभाल करती उसकी बुआ। संवाद

मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी की देखभाल करती उसकी बुआ। संवाद

मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड के आईसीयू में भर्ती नैंसी की देखभाल करती उसकी बुआ। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed